मुजफ्फरनगर हाईवे पर होटल का नाम संगम से बदलकर रखा सलीम

स्वामी यशवीर महाराज की चेतावनी का बड़ा असर

मुजफ्फरनगर/उत्तर प्रदेश। मुजफ्फरनगर में योग साधना केंद्र बघरा के महंत स्वामी यशवीर आश्रम महाराज की चेतावनी के बाद एक होटल का नाम बदलकर संगम से सलीम रख दिया गया है। स्वामी यशवीर महाराज ने 7 सितंबर तक हाईवे स्थित इस होटल का नाम बदलने की चेतावनी दी थी। होटल संचालक ने संगम नाम पुतवा कर सलीम रख लिया। नए नाम से होर्डिंग और फ्लेक्स लगा दिए गए।मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान हाईवे पर स्थित कुछ होटल और ढाबों को हिंदू देवी-देवताओं का नाम लिखकर संचालित किया जा रहा था। स्वामी यशवीर आश्रम महाराज की चेतावनी के बाद पुलिस ने इस मामले में जांच की थी। आठ ढाबा संचालकों को ऐसा न करने की हिदायत दी थी। इसके बाद मुस्लिम ढाबा और होटल संचालकों ने डिस्प्ले बोर्ड पर अपना नाम अंकित कर लिया था। हालांकि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने आदेश जारी कर ऐसी किसी भी बाध्यता को समाप्त कर दिया था। कांवड़ यात्रा के दौरान हाईवे पर स्थित संगम होटल संचालक ने नाम बदलकर डिस्प्ले बोर्ड पर संगम के स्थान पर सलीम लिखवा लिया था। कांवड़ यात्रा समाप्त होने के बाद होटल का नाम फिर से संगम रख दिया गया। इस पर योग साधना केंद्र बघरा के महंत स्वामी यशवीर आश्रम महाराज ने वीडियो बयान जारी कर चेतावनी दी है कि मुस्लिम होटल और ढाबो का नाम सनातनी परंपरा के अनुसार रखना हिंदुओं को भ्रम में डालने जैसा है।
उन्होंने 7 सितंबर तक ऐसे होटल और ढाबों के नाम बदलने की चेतावनी दी। स्वामी यशवीर महाराज की चेतावनी के बाद पुलिस और प्रशासन भी अचंभे में था। एसडीएम सदर निकिता शर्मा ने स्वामी यशवीर महाराज से उनके आश्रम पर जाकर वार्ता की थी। इस दौरान 7 सितंबर को हाईवे-58 पर स्थित संगम होटल संचालक ने अपने प्रतिष्ठान का नाम बदलने का फैसला लिया। इसके बाद होटल पर लिखा संगम नाम मिटा दिया गया और उसके स्थान पर सलीम लिख दिया गया। होटल संचालक के इस फैसले के बाद स्वामी यशवीर महाराज ने संतुष्टि जाहिर की। हालांकि होटल संचालक सलीम ने कहा था कि उसके प्रतिष्ठान का नाम पहले से ही संगम चला आ रहा है।
दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर गांव सिसौना में एक मुस्लिम व्यक्ति ने रेस्ट हाउस बनाया है, जिसका नाम आश्रम रख दिया गया था। स्वामी यशवीर महाराज ने इसको लेकर चेतावनी जारी की तो रेस्ट हाउस पर लगा बैनर व बोर्ड हटा दिया गया। बताया जा रहा है कि यह रेस्ट हाउस गांव बागोवाली निवासी एक मुस्लिम व्यक्ति की जमीन पर बना है, जिसे मुजफ्फरनगर निवासी देवेंद्र तेवतिया ने किराए पर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button