‘हिंदू लड़कियां जिम न जाएं’, भाजपा विधायक के बयान पर मचा बवाल

महाराष्ट्र डेस्क। महाराष्ट्र के भाजपा विधायक गोपीचंद पडलकर के एक बयान पर बवाल मचा है। बीड में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पडलकर ने हिंदू लड़कियों को जिम न जाने की सलाह दे डाली। अपने संबोधन के दौरान भाजपा विधायक ने कहा कि हिंदू लड़कियों को जिम जाने की बजाय घर पर ही योग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए क्योंकि वहां एक साजिश चल रही है और लड़कियां समझ नहीं पा रही हैं किस पर भरोसा करें।
उन्होंने कहा, ”एक बहुत बड़ी साजिश चल रही है, इसे साफ तौर पर समझ लीजिये। किसी ऐसे व्यक्ति के बहकावे में मत आइए जो बहुत अच्छा है या अच्छा बोलता है।” भाजपा विधायक ने यह बात दूसरे समुदाय के लोगों के संदर्भ में कही, जिन पर महिलाओं को बहकाने का आरोप लग रहा है।
उन्होंने कहा कि लोगों को इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि जिम में उनका ट्रेनर कौन है? अगर घर की लड़कियां जिम जाती हैं, तो उनकी काउंसलिंग की जानी चाहिए। लड़कियों को घर पर ही योग करना चाहिए और जिम जाने की कोई ज़रूरत नहीं है, क्योंकि वे आपको धोखा दे रहे हैं।” यह पहली बार नहीं है जब पडलकर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में आए हों। सितंबर में एनसीपी-एसपी (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) नेता शरदपवार के बारे में उनकी अपमानजनक टिप्पणी ने काफी विवाद खड़ा कर दिया था।




