वेलेंटाइन डे को लेकर ब्वॉयफ्रेंड से हुआ विवाद, युवती ने दिल्ली के होटल से लगाई छलांग

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। पूर्वी दिल्ली के विश्वास नगर में संतोष रेसिडेंसी नाम के होटल से एक युवती ने छलांग लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। वहीं, आनन-फानन में घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, सवा एक बजे के आसपास युवती ने होटल से कूदकर आत्महत्या की कोशिश की।बताया गया कि युवती 12 बजे एक युवक के साथ होटल के अंदर गई थी। इसके कुछ देर बाद युवक होटल से चला गया लेकिन, युवती ने होटल के कमरे की खिड़की से छलांग लगा दी।
युवती ने होटल के कमरे से क्यों छलांग लगाई है? इसका कारण अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि वेलेंटाइन-डे मनाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि युवती ने दो युवकों से दोस्ती की हुई थी। एक दोस्त के साथ होटल गई और दूसरा दोस्त पीछे से आ गया। इसको लेकर ही दोनों के बीच विवाद हुआ। बताया कि भेद खुलने के डर से युवती होटल की खिड़की से कूद गई। घायल युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है। युवती व इसके दोनों दोस्त एक मॉल में काम करते हैं।
पुलिस के अनुसार, यह युवती सुंदर नगरी की रहने वाली है। वह जिस युवक के साथ होटल में आई थी, वह उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर स्थित बुगरासी का रहने वाला है। युवक का नाम ओमकार है और लड़की मुस्लिम बताई जा रही है।





