गुरुग्राम पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी में जुटे नाइजीरियन गिरोह का किया खुलासा

गुरुग्राम। नाइजीरियन गिरोह दिल्ली में मादक पदार्थ बनाकर एनसीआर और नेपाल के कई शहरों में तस्करी कर रहा है। गिरोह डार्क वेब के माध्यम से संपर्क कर कच्चा माल नाइजीरिया समेत अन्य देशों से मंगवाकर यहां तैयार करता है और तस्करों की चेन के जरिए भारत के कई शहरों में मादक पदार्थों की सप्लाई कराता है। चार दिन पहले दिल्ली से गिरोह के आठ लोगों के पकड़े जाने के बाद इसकी जानकारी गुरुग्राम पुलिस के सामने आई है।
गिरोह में शामिल कुछ अन्य लोगों की जानकारी भी मिली है। क्राइम ब्रांच की टीम अब उन आरोपितों को पकड़ने के लिए जुटी हुई है। गुरुग्राम के सेक्टर 39 में एक विदेशी नागरिक को ड्रग्स सप्लाई करने आए नेपाल के पोखरा के रहने वाले बिमल पहाड़ी को 16 जून को सेक्टर 43 क्राइम ब्रांच की टीम ने पकड़ा था। इसके पास से एक किलो सुल्फा और 116 ग्राम कोकेन बरामद की गई थी। रिमांड के दौरान इसने दिल्ली के नाइजीरियन गिरोह के बारे में जानकारी दी थी।
आरोपित को मादक पदार्थ सप्लाई कराने वाली एक महिला व छह विदेशी नागरिकों सहित कुल सात लोगों को पकड़ा गया था। महिला मिजोरम की थी और बाकी अन्य आरोपित नाइजीरिया के रहने वाले थे। पुलिस टीम ने दिल्ली की राम कालोनी में छापा मारकर इन लोगों को पकड़ा था। यहां से 904 ग्राम कोकीन, दो किलो कच्चा कोकेन पदार्थ, तीन इलेक्ट्रानिक्स स्केल्स, 42 मोबाइल फोन, आठ पैकिंग पैकेट, छह बंडल सेलो टेप मिले थे।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक इन आरोपितों से पूछताछ में पता चला कि गिरोह के लोग यहां कच्चे माल से कोकेन व अन्य प्रकार के मादक पदार्थ बना रहे थे। इन मादक पदार्थों को गुरुग्राम व एनसीआर के अन्य जिलों के साथ नेपाल के पोखरा और काठमांडू में भी इसकी सप्लाई की जा रही थी। बिमल पहाड़ी समेत गिरोह के अन्य गुर्गे करीब डेढ़ साल से तस्करी में शामिल थे। इनसे गिरोह के अन्य गुर्गों के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस टीम इन आरोपितों को पकड़ने में दिल्ली व अन्य जगहों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दिल्ली में एक नहीं बल्कि कई नाइजीरियन गिरोह मादक पदार्थों की सप्लाई में सक्रिय हैं। गिरोह एक के बाद एक नाइजीरिया से लोगों को मेडिकल और एजुकेशन वीजा पर भारत बुलाता है और गिरोह में शामिल कर उन्हें अवैध गतिविधियों में लगा देता है। इस साल 20 से ज्यादा नाइजीरियन नशा तस्करी में पकड़े जा चुके हैं। वहीं गुरुग्राम पुलिस ने बीते एक साल में नशा तस्करी के मामलों में 400 से ज्यादा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button