चौकी इंचार्ज की कुर्सी पर खोल रहे थे शराब की बोतल, पहुंच गए जेल

सहारनपुर,(उत्तर प्रदेश)। सहारनपुर में थाना मंडी कोतवाली की खाता खेड़ी चौकी इंचार्ज की सीट पर बैठकर एक व्यक्ति द्वारा शराब के पैग बनाए जाने का फोटो सोशल मीडिया वायरल होने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। इसी व्यक्ति के क्षेत्र के ही किसी व्यक्ति ने कार्रवाई के लिए तहरीर दी थी। मामला संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर मामले की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं थाना मंडी पुलिस ने चौकी इंचार्ज की कुर्सी पर शराब का पैग बनाने के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और तहरीर देने वाले व्यक्ति की ओर से मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोपी दोनो मामलों में जेल गया है।
चौकी इंचार्ज सस्पेंड, आरोपी को पुलिस ने पकड़ा

घटनाक्रम के तहत गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हुआ।वायरल फोटो में दाढ़ी वाला एक व्यक्ति कोतवाली थाना मंडी की खाताखेड़ी चौकी के इंचार्ज की कुर्सी पर बैठकर शराब का पैग बना रहा है। इस बात की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन ताडा ने एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलीक को मामले की जांच के निर्देश दिए।
जांच में जानकारी मिली कि एक युवक इमरान पुत्र खान निवासी खाता खेड़ी चौकी इंचार्ज की कुर्सी पर बैठकर शराब का पैग बना रहा है। मामला सही पाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने चौकी इंचार्ज सचिन त्यागी को सस्पेंड करने तथा थाना मंडी प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह को आरोपी इमरान की तुरंत गिरफ्तार करने के संबंध में निर्देश दिए गए। मंडी थाना पुलिस ने आरोपी युवक इमरान को गिरफ्तार कर लिया है।
रौब के लिए चौकी इंचार्ज की कुर्सी पर खिंचवाई फोटो
घटना के संबंध में एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि जांच में जानकारी मिली है कि आरोपी इमरान द्वारा यह फोटो कई दिन पहले खिंचवाया गया था। पूछताछ में जानकारी मिली है कि जिस समय फोटो लिया गया उस समय चौकी इंचार्ज अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। चौकी का ऑफिस खुला देखकर आरोपी इमरान इंचार्ज की कुर्सी पर बैठ गया और पैग बनाते हुए फोटो खिंचवाई ताकि वह क्षेत्र के लोगों पर रौब गालिब कर सके। आरोपी के खिलाफ क्षेत्र के किसी व्यक्ति द्वारा तहरीर दी गई थी। इसी के चलते उसके खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हुए हैं।

मामले को लेकर क्या कहा एसएसपी ने
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन ताडा का इस संबंध में कहना था कि मामले में चौकी इंचार्ज की लापरवाही सामने आई है। चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। आरोपी के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button