बुलंदशहर में दबिश के दौरान बवाल, पुलिस-व्यापारियों में भिड़ंत, सिपाही ने तानी पिस्टल

बुलंदशहर के ककोड़ कस्बे में चोरी के विद्युत तार बरामद करने पहुंची पुलिस और स्थानीय व्यापारियों के बीच नोकझोंक हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक सिपाही ने आत्मरक्षा में अपनी पिस्टल निकालकर आरोपी पर तान दी।

बुलंदशहर/उत्तर प्रदेश। बुलंदशहर के ककोड़ कस्बे में चोरी के विद्युत तार बरामद करने पहुंची पुलिस टीम और स्थानीय व्यापारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि धक्का-मुक्की के दौरान एक सिपाही ने आत्मरक्षा में अपनी पिस्टल निकालकर आरोपी की ओर तान दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला ककोड़ थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, विद्युत तार चोरी करने वाले गिरोह के कुछ सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद मिली जानकारी के आधार पर एक स्थानीय स्क्रैप व्यापारी से पूछताछ और बरामदगी के लिए पुलिस टीम पहुंची थी। इसी दौरान व्यापारी और उसके समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया, जिससे मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग आमने-सामने हैं तथा धक्का-मुक्की के बीच एक सिपाही पिस्टल ताने हुए नजर आ रहा है। पुलिस का आरोप है कि कुछ लोगों ने हिरासत में लिए गए आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की, जिसके चलते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई चोरी के विद्युत तारों के संगठित गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा थी। स्क्रैप व्यापारी पर चोरी का माल खरीदने और उसे छिपाने का संदेह है। मामले में जांच जारी है और वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है।
वहीं, स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस पर अनावश्यक बल प्रयोग करने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि सिपाही ने भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच अपनी सुरक्षा के लिए पिस्टल निकाली थी। इस संबंध में एसपी सिटी अभिषेक प्रताप ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी के मामले में बरामदगी के लिए पुलिस टीम मौके पर गई थी। इसी दौरान हुए विरोध और धक्का-मुक्की के बीच सिपाही ने आत्मरक्षा में पिस्टल निकाली। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button