धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की पदयात्रा में ड्यूटी पर आए दरोगा की चली गई जान

सीने में दर्द उठने के बाद तोड़ा दम

मथुरा/उत्तर प्रदेश। बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र शास्त्री की प्रस्तावित पद यात्रा में ड्यूटी के लिए आए एक पुलिस उप निरीक्षक (दरोगा) की अचानक तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई। इस घटना से पुलिस महकमे और उनके गृह क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतक उप निरीक्षक की पहचान बोहरा पुत्र साहब सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मथुरा के थाना राया क्षेत्र के गांव पीरीगढ़ी के निवासी थे। वर्तमान में वह जनपद एटा के अलीगंज थाने में तैनात थे।
जानकारी के अनुसार, उप निरीक्षक बोहरा धीरेंद्र शास्त्री जी की पद यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए मथुरा आए थे। उन्होंने पुलिस लाइन में अपनी आमद (रिपोर्टिंग) कराई ही थी कि अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। सहकर्मियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की, लेकिन उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ती चली गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया यह माना जा रहा है कि उनकी मृत्यु का कारण हार्ट अटैक हो सकता है।
पुलिस विभाग ने उप निरीक्षक बोहरा की असमय मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उनकी मौत की सूचना मिलते ही उनके पैतृक गांव पीरीगढ़ी में मातम छा गया। पुलिस ने उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के संबंध में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पद यात्रा की ड्यूटी के लिए मथुरा आना और फिर अचानक उनका इस तरह चले जाना, पुलिस परिवार के लिए एक बड़ी क्षति है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button