गांधी नगर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो शातिर ऑटो लिफ्टर व स्नैचर गिरफ्तार; चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, चार मामलों का खुलासा

दिल्ली ब्यूरो। शाहदरा जिले की गांधी नगर थाना पुलिस की क्रैक टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो सक्रिय ऑटो लिफ्टर व स्नैचर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जिसका उपयोग विभिन्न वारदातों में किया जा रहा था। इस कार्रवाई के बाद वाहन चोरी, स्नैचिंग और लूट के कुल चार मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 08 मई 2026 को गांधी नगर थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की एक ऑनलाइन शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता जितेंद्र शर्मा ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना दी थी, जिस पर ई-एफआईआर संख्या 010493/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। फुटेज में संदिग्धों की स्पष्ट तस्वीरें सामने आईं, जिसके आधार पर तकनीकी जांच के जरिए एक आरोपी की पहचान आहद उर्फ लंबू के रूप में की गई। पुलिस ने उसके ठिकाने पर दबिश दी, लेकिन वह फरार मिला।
आगे की जांच और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर दूसरे आरोपी फर्दीन की पहचान हुई। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर कई बार छापेमारी की, लेकिन वह भी हाथ नहीं लगा। इसके बाद उसके परिजनों को कानूनी नोटिस जारी किया गया। लगातार दबाव और पुलिस की सक्रियता के चलते अंततः आरोपी फर्दीन अपने साथी अरमान उर्फ बल्लू के साथ थाना गांधी नगर पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
पूछताछ के दौरान फर्दीन ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी आहद उर्फ लंबू के साथ मिलकर गांधी नगर क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके बाद उसी मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर उन्होंने पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और शाहदरा जिलों में कई स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी फर्दीन पहले भी लक्ष्मी नगर थाना में दर्ज एक स्नैचिंग मामले में शामिल रहा है। पुलिस अब फरार आरोपी आहद उर्फ लंबू की तलाश में जुटी है और अन्य मामलों में भी आरोपियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई में तकनीकी जांच, सतत प्रयास और टीमवर्क की अहम भूमिका रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और लोगों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button