बिना बारिश के गुरुग्राम की सड़क पर भरा दो फुट पानी, ऑफिस पहुंचने में परेशान हो रहे लोग
Even without any rain, Gurugram roads are filled with two feet of water, people are facing difficulty in reaching their offices

गुरुग्राम। मानसून सीजन में ढाई महीने तक जलमग्न रही दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन नरसिंहपुर में अब बिना बारिश के भी जलममग्न है। आसपास की कंपनियां यहां पर रसायनयुक्त दूषित पानी छोड़ रही हैं और सर्विस लेन पर करीब दो फुट जलभराव है। दूषित पानी सर्विस लेन पर भरने और हाईवे की ड्रेन में जाने से प्रदूषण फैल रहा है।
हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि अगर ड्रेन और सर्विस लेन पर दूषित पानी छोड़ा जा रहा है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जाएगी। बता दें कि मानसून की बारिश के दौरान यह जगह जलभराव की दृष्टि से हॉट स्पॉट रहती है और इसके कारण हाईवे पर लगभग दस किमी लंबा जाम भी लगता है।
बारिश के जलभराव में नरसिंहपुर में कई वाहन भी खराब हो गए थे। आसपास की कंपनियों के कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा था। उनको इसके कारण अपने ऑफिस पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने इस समस्या से जल्द निजात दिलाने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि इसी तरह की समस्या रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा क्षेत्र में कई वर्षों चल रही है और उसका समाधान नहीं हो पा रहा है। ऐसे में यहां पर इस समस्या की ओर ध्यान दिया जाना चाहिए, अन्यथा य ह स्थायी बन जाएगी। नरसिंहपुर में हाईवे के किनारे दस से ज्यादा कंपनियों के कार्यालय हैं। मानसून में पानी की निकासी के लिए एनएचएआइ ने पंप लगाए थे, लेकिन पंप चालू नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अब मौसम साफ होने के बाद दूषित पानी भरा होने के कारण समस्या बनी हुई है।




