मालवीय नगर में पुलिस और बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़,दो शातिर बदमाश गोली लगने से घायल

नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित अरविंदो कॉलेज के पास देर रात दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बदमाशों के बीच एक भीषण मुठभेड़ हो गई। इस क्रॉस-फायरिंग में पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों के दाएं पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को देर रात एक पुख्ता सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद (लोनी) के रहने वाले दो शातिर बदमाश, जिनकी पहचान गोपाल और सौरभ के रूप में हुई है, मालवीय नगर इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं।सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने अरविंदो कॉलेज के पास जाल बिछाया।
जैसे ही दोनों बदमाशों ने खुद को पुलिस से घिरा हुआ पाया, उन्होंने आत्मसमर्पण करने के बजाय भागने की कोशिश की। पुलिस द्वारा रोकने पर बदमाशों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई और में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जो दोनों बदमाशों के दाएं पैर में जा लगीं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बदमाशों ने पुलिस को देखते ही बचकर भागने का प्रयास किया और गोलियां चलाईं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हुए हैं। फिलहाल दोनों खतरे से बाहर हैं और एम्स में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बदमाशों के पास से हथियार बरामद किए हैं और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।




