माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड कटड़ा में बनेगा पहला अंतरराष्ट्रीय गाडेस म्यूजियम

जम्मू/एजेंसी। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड कटड़ा में पहला अंतरराष्ट्रीय गाडेस म्यूजियम (देवी संग्रहालय) स्थापित करने जा रहा है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को इसके लिए आम जनता से सुझाव आमंत्रित किए हैं। उपराज्यपाल ने लोगों से अपील की है कि वे आधिकारिक पोर्टल www.smvdsbimog.org पर जाकर अपने विचार और सुझाव साझा करें। यह संग्रहालय एक वैश्विक आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं और शोधकर्ताओं दोनों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
यह संग्रहालय अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगा, जिसमें डिजिटल इंस्टालेशन, इंटरएक्टिव गैलरी, थीमैटिक प्रदर्शनी और लाइट एंड साउंड शो जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। इसे एक इमर्सिव अनुभव के रूप में डिजाइन किया जा रहा है, जिससे आने वालों को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का अनूठा अनुभव मिल सके।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि इस पहल से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना में पारंपरिक हस्तशिल्प को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी, जिसमें मूर्तिकला और मंदिर परंपरा से प्रेरित कलात्मक प्रतिकृतियां शामिल होंगी। संग्रहालय में कारीगरों के कौशल को प्रदर्शित करने, लाइव डेमोंस्ट्रेशन आयोजित करने और स्वदेशी कला को बढ़ावा देने के लिए विशेष स्थान बनाए जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि शोध और आधुनिक तकनीक के समन्वय से यह संग्रहालय श्रद्धालुओं के साथ-साथ ज्ञान के इच्छुक लोगों के लिए भी उपयोगी साबित होगा। यह पहल भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और उसे आधुनिक तथा वैश्विक स्वरूप में प्रस्तुत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।




