कौशांबी में रेलवे में ग्रुप डी की नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से 4 लाख की ठगी

कौशांबी/उत्तर प्रदेश। रेलवे में ग्रुप डी की नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाजों ने करारी के बंधवा गांव के एक युवक से चार लाख रुपये ठग लिए। नौकरी नहीं मिलने पर पीड़ित ने रकम वापस मांगी तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
एसपी के निर्देश पर शनिवार को करारी पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। बंधवा कल्यानपुर निवासी सौरभ पुत्र लालता प्रसाद ने बताया कि दो साल पहले मंझनपुर के सैदनपुर निवासी जय प्रकाश ने उसे रेलवे की ग्रुप डी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर चार लाख रुपये ऐंठ लिए।
नौकरी नहीं मिलने पर उसने दी गई रकम वापस मांगी तो आरोपित आना-कानी करने लगा। इसके बाद किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि नामजद शिकायत करने के बाद बावजूद कोतवाली पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलता देख पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक का दरवाजा खटखटाया। शनिवार को एसपी के निर्देश पर करारी पुलिस ने आरोपित जय प्रकाश के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर सियाकांत चौरसिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करवा दिया गया है। मामले की तहकीकात की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




