अयोध्या में अजय राय के स्वागत में 10 क्विंटल मछली पकाई गई, सावन में मछली-भात भोज को लेकर उठे सवाल
यूपी के अयोध्या में अजय राय के स्वागत कार्यक्रम में मछली-भात आयोजन पर हंगामा मच गया है। साधु-संतों ने मछली-भात आयोजन पर आपत्ति जताई।

अयोध्या/उत्तर प्रदेश। तारून क्षेत्र स्थित एक मैरिज लॉन में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र कुमार गौतम के स्वागत के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राम निहाल निषाद की ओर से किया गया। कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ जुटाने के लिए मछली-भात भोज का भी इंतजाम किया गया था। आयोजकों के मुताबिक भोज के लिए करीब 10 क्विंटल मछली की व्यवस्था की गई थी।
हालांकि, सावन के महीने में आयोजित इस भोज को लेकर साधु-संतों और बुद्धिजीवियों के बीच सवाल उठाए गए। उनका कहना है कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन के दौरान मछली पकड़ने और खाने को लेकर कई स्थानों पर परंपरागत रूप से परहेज किया जाता है। ऐसे में कांग्रेस के राजनीतिक कार्यक्रम में बड़े पैमाने पर मछली-भात के आयोजन को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश सिंह ने संबोधित किया। उनके संबोधन के बाद क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बावजूद कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ता और समर्थक मौके पर डटे रहे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।
अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि देश में युवा बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे हैं और महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को अच्छे दिन का सपना दिखाकर देश को गुलामी की ओर धकेला जा रहा है।
स्वागत समारोह के दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव, श्रीनिवास तिवारी, चेतनारायण सिंह, राजकुमार पांडे, महिला जिला अध्यक्ष रेनू राय, यशवीर सिंह, उमाकांत गुप्ता और कार्यक्रम संयोजक राम निहाल निषाद सहित पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अजय राय का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें 21 किलो की फूलों की माला पहनाई गई।
अयोध्या दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राम मंदिर से जुड़े चढ़ावा चोरी और कथित गबन के मामले को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले के मुख्य आरोपी को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
अजय राय ने हनुमानगढ़ी पहुंचकर पूजा-अर्चना की और हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्होंने बजरंगबली से अत्याचार और अन्याय के खिलाफ कार्रवाई की प्रार्थना की है।
उन्होंने कहा कि अब हनुमान जी को अपनी गदा उठानी चाहिए और चंदा चोरी करने वालों से हिसाब करना चाहिए। अजय राय ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
स्वागत समारोह और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के अयोध्या दौरे के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से कार्यक्रम में उत्साह बना रहा।




