अर्जेंटीना से 3-5 की हार के साथ विश्व कप से बाहर हुआ भारत, सेमीफाइनल का सपना टूटा
हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत और अर्जेंटीना के बीच मुकाबला खेला गया। मैच में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा और इसी के साथ टीम इंडिया वर्ल्ड कप से बाहर हो गई है।

स्पोर्ट्स डेस्क/नई दिल्ली। हॉकी विश्व कप 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का सफर सेमीफाइनल से पहले ही समाप्त हो गया। सोमवार को करो या मरो के मुकाबले में अर्जेंटीना ने भारत को 5-3 से शिकस्त दी। इस हार के साथ हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें खत्म हो गईं। भारत अब पदक की दौड़ से बाहर होकर वर्गीकरण मुकाबलों में खेलेगा।
भारत के लिए मुकाबले की शुरुआत बेहद खराब रही। अर्जेंटीना ने पहले ही मिनट में जोआक्विन टोस्कानी के गोल से बढ़त बना ली। इसके बाद छठे मिनट में निकोलस डेला टोरे ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अर्जेंटीना की बढ़त 2-0 कर दी। भारतीय टीम दबाव में नजर आई, लेकिन 10वें मिनट में सुखजीत सिंह ने गोल कर भारत की वापसी की उम्मीद जगाई। पहले क्वार्टर के बाद अर्जेंटीना 2-1 से आगे था।
दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने आक्रामक हॉकी खेली, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। हाफ टाइम तक अर्जेंटीना 2-1 से आगे रहा। भारत को मुकाबले में बने रहने के लिए दूसरे हाफ में बेहतर प्रदर्शन की जरूरत थी।
तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में अर्जेंटीना ने फिर दबाव बनाया। 33वें मिनट में टॉमस डोमेन ने गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया। भारत को इस क्वार्टर में कई पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टीम उनका फायदा नहीं उठा सकी। इसके बाद डोमेन ने 45वें मिनट में एक और गोल कर अर्जेंटीना की बढ़त 4-1 कर दी।
चौथे क्वार्टर में भी अर्जेंटीना का दबदबा जारी रहा। लुकास टोस्कानी ने 53वें मिनट में शानदार गोल करते हुए स्कोर 5-1 कर दिया। इसके बाद भारतीय टीम ने वापसी की कोशिश की। 58वें मिनट में सुखजीत सिंह ने अपना दूसरा गोल किया और 60वें मिनट में हार्दिक सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर अंतर 5-3 कर दिया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
अर्जेंटीना ने 5-3 से मुकाबला अपने नाम कर लिया और भारत की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें समाप्त हो गईं। भारत ने दूसरे दौर में अपने तीनों मुकाबले गंवाए। इससे पहले टीम को नीदरलैंड्स के खिलाफ 1-3 से हार का सामना करना पड़ा था।
भारतीय हॉकी टीम ने 1975 में पहली और अब तक की एकमात्र विश्व कप ट्रॉफी जीती थी। इसके बाद टीम खिताब दोबारा हासिल नहीं कर सकी। 2026 विश्व कप में भी खिताब जीतने का सपना अर्जेंटीना के खिलाफ हार के साथ टूट गया।




