पड़ोसी की हरकतों से परेशान शख्स 24 घंटे पहन रहा हेलमेट, एसपी के सामने भी नहीं उतारा

ग्वालियर/मध्य प्रदेश। जिले ग्वालियर में अपराध का आंकड़ा दिन प्रतिदिन बढ़ता नजर आ रहा है। इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यहां एक व्यक्ति ट्रैफिक पुलिस की वजह से हेलमेट लगाए या ना लगाए, लेकिन पड़ोसी की बदमाशी के खौफ से हेलमेट लगाकर घूमता हुआ नजर आ रहा है।
दरअसल मामला गिरवाई थाना क्षेत्र के 12 बीघा सिकंदर कंपू इलाके का है, जहां राहुल सिंह परमार नाम का युवक अपने बड़े भाई के साथ आटा चक्की का छोटा सा काम करता है। वहीं पास में रहने वाले गौरव खटीक नाम के एक बदमाश ने बहन की शादी के नाम पर उससे 5 हजार रुपये का आटा उधार लिया था।
राहुल सिंह ने जब उसे पहली बार उधारी के रुपए मांगे, तो वह उसे जान से मारने की धमकी देकर चला गया। लेकिन जब दूसरी बार उधारी के रुपए मांगे तो बदमाश गौरव खटीक ने राहुल के हाथ को अपने मुंह से ही काट लिया, जिसके चलते हाथ लहूलुहान हो गया। गौरव ने राहुल को धमकी दी है कि अगली बार उधारी के रुपये मांगे तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। अगली बार सर पर हमला होगा। यही वजह है कि राहुल को बदमाश गौरव का इतना ख़ौफ़ मन मे बैठ गया है कि अब वो जब भी घर से निकलता है तो हेलमेट लगाकर ही निकलता है।
ग्वालियर एसपी से शिकायत करने भी जब राहुल पहुंचा तो हेलमेट उतारने राजी नही हुआ। राहुल का कहना है कि गौरव ने हमला कर उसे घायल किया। साथ ही हरिजन एक्ट के झूठा मुकदमा भी दर्ज करा दिया। थाना प्रभारी भी सुनवाई न करते हुए उल्टा केस में फंसाने की धमकी दे रही है। राहुल की शिकायत पर डीएसपी किरण अहिरवार ने सीएसपी को मामले की जांच के साथ टीआई पर लगाये गए आरोपों की रिपोर्ट भी मांगी है।




