आर्थिक तंगी से पढ़ाई प्रभावित होने का संकट, छात्रा की समस्या सुन आजमगढ़ डीएम ने दिल छू लेने वाला किया काम

अपनी समस्या को लेकर आजमगढ़ जिलाधिकारी के पास पहुंची छात्रा ने जब पूरी बात बताई तो जिलाधिकारी ने तुरंत समस्या का समाधान किया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

आजमग/उत्तर प्रदेश। आर्थिक तंगी के कारण शिक्षा जारी रखने में कठिनाई का सामना कर रही छात्रा मेनका प्रजापति की मदद के लिए प्रशासन और परिवहन विभाग ने संवेदनशील पहल की है। तहसील बूढ़नपुर के अतरौलिया क्षेत्र के ग्राम खानपुर फतेह निवासी मेनका ने जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार को प्रार्थना पत्र देकर अपनी आर्थिक स्थिति और पढ़ाई में आ रही परेशानियों से अवगत कराया था। छात्रा के अनुरोध पर जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद उसे निःशुल्क एमएसटी पास उपलब्ध कराया गया। वहीं, एआरएम रोडवेज अजय सिंह ने छात्रा की आगे की शिक्षा-दीक्षा का खर्च स्वयं वहन करने की जिम्मेदारी लेते हुए उसे गोद लेने की घोषणा की।
मेनका ने जिलाधिकारी को बताया कि उसके पिता का निधन हो चुका है और उसका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। वह आजमगढ़ शहर में कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा की तैयारी कर रही है। प्रतिदिन अतरौलिया स्थित अपने घर से आजमगढ़ शहर आने-जाने के लिए उसे बस का किराया देना पड़ता है। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण परिवार के लिए नियमित रूप से आने-जाने का खर्च उठाना मुश्किल हो गया था।
छात्रा ने बताया कि यदि आवागमन का खर्च वहन नहीं हो पाया तो उसकी पढ़ाई प्रभावित हो सकती है और आगे की शिक्षा अधूरी छूटने का संकट पैदा हो सकता है। उसने जिलाधिकारी से मानवीय आधार पर प्रतिदिन आजमगढ़ आने-जाने के लिए निःशुल्क एमएसटी पास उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने छात्रा की समस्या को गंभीरता से सुना और उसकी पढ़ाई, पारिवारिक पृष्ठभूमि तथा आर्थिक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी विद्यार्थी की शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए। छात्रा की पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रखने के उद्देश्य से उन्होंने एआरएम रोडवेज अजय सिंह को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश के बाद एआरएम अजय सिंह ने छात्रा का निःशुल्क एमएसटी पास तत्काल बनवाकर उपलब्ध कराया। इससे छात्रा के प्रतिदिन आने-जाने में होने वाले खर्च की समस्या दूर हो गई।
इसी दौरान एआरएम अजय सिंह ने मानवीय संवेदना और सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए छात्रा को गोद लेने तथा उसकी आगे की शिक्षा-दीक्षा का खर्च स्वयं वहन करने की जिम्मेदारी लेने की बात कही। इस पहल से छात्रा और उसके परिवार को बड़ी राहत मिली है। एआरएम के इस कदम की जिलाधिकारी सहित उपस्थित अधिकारियों ने भी सराहना की।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा को आगे बढ़ाने में समाज के सक्षम और संवेदनशील लोगों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। ऐसे प्रयास न केवल आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहे विद्यार्थियों की मदद करते हैं, बल्कि उनके भविष्य को संवारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
निःशुल्क एमएसटी पास मिलने और आगे की शिक्षा के खर्च के लिए सहयोग का भरोसा मिलने के बाद मेनका प्रजापति ने प्रसन्नता व्यक्त की। उसने जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और एआरएम अजय सिंह के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के बीच मिली यह सहायता उसके लिए बड़ी राहत है। अब वह आवागमन के खर्च की चिंता किए बिना अपनी एसएससी परीक्षा की तैयारी जारी रख सकेगी और अपने भविष्य के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button