मुजफ्फरनगर में भगवा वेश में चोरी, साधु बनकर दिन में रेकी और रात में चोरी, लच्छू निकला शकील

मुजफ्फरानगर/उत्तर प्रदेश। मुजफ्फरनगर के ककरौली थाना क्षेत्र में ग्रामीणों ने भगवा वस्त्र धारण कर घर-घर भीख मांगने वाले एक युवक को संदिग्ध गतिविधियों के चलते पकड़ लिया। पकड़े गए युवक ने हाथ में कलावा बांध रखा था और भगवा वस्त्र धारण कर खुद को साधु-संत जैसा प्रस्तुत कर रहा था। ग्रामीणों को उसके व्यवहार और गतिविधियों पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने उससे पूछताछ की। इसी दौरान मामला खुल गया। पूछताछ में सामने आया कि युवक भीख मांगने की आड़ में गांवों की रेकी कर रहा था। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम अहसान पुत्र शकील बताया, जो बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के जौला गांव का निवासी है। उसने स्वीकार किया कि पहचान छिपाने के लिए उसने अपना नाम लच्छू रख रखा था, ताकि कोई उस पर संदेह न कर सके। अहसान ने यह भी बताया कि वह अकेला नहीं, बल्कि एक संगठित गिरोह के साथ मिलकर काम कर रहा था। यह गिरोह दिन में भगवा वस्त्र पहनकर गांवों में भीख मांगने के बहाने घरों की स्थिति, लोगों की मौजूदगी और अन्य जानकारियां जुटाता था और फिर रात में चोरी व लूट की योजना बनाता था।
पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह मीरापुर थाना क्षेत्र में एक किराए के मकान में रह रहा था और परिवार के ही कई सदस्य इस गतिविधि में शामिल थे। पुलिस ने जब उनके ठिकाने की तलाशी ली तो वहां से भीख में मिली दाल-चावल और अन्य घरेलू सामग्री बरामद हुई। हालांकि, गिरोह के कुछ अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए, जिनकी पहचान पुलिस के पास मौजूद है।
एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल ने बताया कि ककरौली थाना क्षेत्र से सूचना मिली थी कि कुछ बाहरी लोग वेश बदलकर भगवा कपड़े पहनकर भीख मांग रहे हैं और इसी बहाने रेकी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अहसान को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी के फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही पूरे गिरोह को पकड़ लिया जाएगा।



