बांदा जेल अधीक्षक को जान से मारने की धमकी, मुख्तार अंसारी की मौत की रात आई थी कॉल

बांदा/उत्तर प्रदेश। मुख्तार अंसारी की बांदा जेल में तबीयत बिगड़ने के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मुख्तार अंसारी को गाजीपुर स्थित कालीबाग कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया है। मुख्तार अंसारी के परिजन स्लो प्वॉइजन दिए जाने का दावा करते रहे हैं। इस बीच, बांदा जेल अधीक्षक को जान से मारने की धमकी मिली है। बांदा जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा को 28-29 की देर रात 1:37 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल करके जान से मारने की धमकी दी है। बांदा जेल अधीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के अनुसार, सीयूजी नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई, जिसका नंबर 01352613942 था। कॉल करने वाले ने लाइन की दूसरी तरफ से बोला कि तुझे ठोकना है। साथ ही अभद्र तरीके से गाली-गलौज की गई। ये कॉल 14 सेकेंड की थी। पुलिस ने अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। नंबर को सर्विलांस के जरिए ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। बता दें कि बांदा जेल में 28 मार्च को हार्ट अटैक के बाद मुख्तार अंसारी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मुख्तार के भाई अफजाल अंसारी ने स्लो प्वॉइजन दिए जाने का आरोप लगाया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button