जम्मू में 3 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म, अस्पताल में मेडिकल के लिए लाए आरोपी युवक की लोगों ने की जमकर पिटाई

बिश्नाह/जम्मू। बिश्नाह में तीन वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना के बाद लोग आक्रोशित हैं। रविवार को पुलिस द्वारा उपजिला अस्पताल में मेडिकल के लिए लाए गए आरोपित की जमकर पिटाई की गई। पुलिस ने जैसे-तैसे लोगों की भीड़ से बचाया। वहीं, लोगों ने कस्बे के तारा चौक में प्रदर्शन कर आरोपित को फांसी देने की मांग उठाई। लोगों का कहना है कि यह घटना शांत कस्बे के लिए कलंक है। चौक में प्रदर्शन के दौरान आक्रोशत लोगों ने टायर जलाए साथ ही नारेबाजी कर आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आश्वासन दिया है, जिसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार शनिवार को एक युवक की ओर से तीन वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया। आरोपित की पहचान अर्जुन लखोत्रा (22) के रूप में हुई है। रविवार को क्षेत्र के युवाओं ने पीड़िता बच्ची को इंसाफ दिलाने के लिए बिश्नाह के तारा चौक में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर आरोपित को फांसी दो, फांसी दो के नारे लगाए।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष राजन शर्मा ने कहा कि यह बिश्नाह जैसे शांत क्षेत्र के लिए एक बहुत बड़ा कलंक है। एक गांव से आए दरिंदे ने वारदात को अंजाम दिया। यह बात बर्दाश्त से बाहर है। आरोपित को बीच चौराहे फांसी देकर इंसाफ किया जाए।
नगर पालिका के पूर्व उपप्रधान जय भारती ने कहा कि कंजक को हम देवी के रूप मानते हैं और आरोपित ने हमारी भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। मांग है कि इसे फास्ट ट्रैक कोर्ट में फांसी की सजा दी जाए और बच्ची को इंसाफ दिलाया जाए, ताकि कोई फिर दोबारा ऐसा न कर सके। करीब एक घंटा तक लोगों ने जोरदार प्रदर्शन कर इंसाफ के लिए आवाज उठाई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आश्वासन देकर उन्हें शांत करवाया।
जानकारी के अनुसार प्रदर्शन के दौरान जब दुष्कर्म के आरोपित को मेडिकल करवाने के लिए उपजिला अस्पताल बिश्नाह लाने की सूचना मिली तो कई लोग अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने आरोपित की जमकर पिटाई की। साथ ही कहा कि ऐसे दरिंदे को समाज में रहने का कोई अधिकार नहीं है। पुलिस ने बहुत मुश्किल से लोगों के चंगुल से आरोपित को बचाया और थाने में ले गई। अगर, तुरंत कार्रवाई न होती तो लोग उसे मार देते।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button