’10 करोड़ भी दें तो भी सिर्फ पति को ले जाउंगी’ बांग्लादेशी महिला सोनिया अख्तर का वीडियो वायरल

 

ग्रेटर नोएडा। पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर के बाद अब बांग्लादेशी महिला सोनिया अख्तर ग्रेटर नोएडा अपने एक साल के बच्चे के साथ अब आ पहुंची है। सोनिया अख्तर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह कह रही है कि चाहे उनको 10 करोड़ रुपए का ऑफर दें, लेकिन स्वीकार नहीं करेंगी। वह केवल अपने पति को लेकर जाएगी। यह उनकी और उनके बेटे की जिंदगी का सवाल है। पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर की तरह ही वह भी प्यार के लिए अड़ी हुई है।
सोनिया अख्तर का कहना है, ‘इस मामले में जांच चल रही है और बहुत जल्द सच्चाई सबके सामने आ जाएगी। डीसीपी मैडम ने सौरभ कांत तिवारी को बुलाया और पूछताछ की। जिसमें सौरभ कांत ने बताया कि उसने मुस्लिम धर्म अपनाया था और मुझसे शादी की थी। हमारा एक बच्चा भी है।’
सोनिया ने आगे कहा, ‘जब इतनी सब बात है तो मुझे लेकर क्यों नहीं जाने दिया जा रहा हैं। मुझे एक करोड़ की जगह 10 करोड़ रुपए पर देंगे, तब भी मैं सौरभ कांत तिवारी को तलाक नहीं दूंगी और ना ही मैं उसको छोड़ने वाली हूं। मैं उसके साथ रहूंगी। मैंने उसके साथ शादी किया है। उसको मेरा साथ निभाना ही पड़ेगा।’
सूरजपुर थाना क्षेत्र में स्थित शिवालिक होम्स हाउसिंग सोसायटी में सौरभ कांत तिवारी अपने परिवार के साथ रहता है। सौरभ कांत तिवारी की बीवी सरकारी टीचर है और उनके 20 साल का बेटा है।
सोसाइटी में चर्चा है कि कुछ आश्वासन मिलने के बाद सोनिया अख्तर वापस चली गई होगी, लेकिन जब उसका पति वापस नहीं लौटा तो दोबारा से वह अपने बच्चों को लेकर गौतमबुद्ध नगर पहुंची। अब दोबारा से सोनिया अख्तर अपने पति को लेने वापस आई है। सोनिया ने पुलिस से कहा है कि वह अपने पति को वापस लेकर जाएंगी।
इस मामले में सूरजपुर थाना प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह का कहना है कि सोनिया अख्तर का मामला अभी उनके संज्ञान में आया है। वह 2 महीने पहले आई थी, इसके बारे में उनका कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल इस मामले में नोएडा पुलिस की महिला स्पेशल टीम जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे एक्शन लिया जाएगा। फिलहाल बांग्लादेशी महिला सोनिया अख्तर नोएडा पुलिस की निगरानी में है।
पूछताछ के दौरान सौरभकांत ने पुलिस को बताया कि उसने जानबूझकर मुस्लिम धर्म नहीं अपनाया था, उसको जबरदस्ती मुस्लिम बनाया गया था। उसका धर्म परिवर्तन हुआ और उसने फिर सोनिया अख्तर से निकाह पढ़वाया गया था। दोनों का निकाह 14 अप्रैल 2021 को हुआ। निकाह बांग्लादेश से रीति-रिवाज के साथ हुआ था। सौरभकांत और सोनिया की उम्र में करीब 15 वर्ष का फर्क है।
सोनिया अख्तर लगातार पुलिस से यही बात कह रही है कि सौरभकांत ने किसी जोर जबरदस्ती में निकाह नहीं किया था। उसने उसके साथ लव मैरिज की थी। सौरभकांत तिवारी एक आईटी कंपनी में काम करता है। वह कंपनी की तरफ से बांग्लादेश नौकरी के लिए गया था। इस दौरान दोनों की मुलाकात हुई। बताया जा रहा है कि जिस कंपनी में सौरभकांत तिवारी काम करता था, उसी कंपनी में सोनिया अख्तर भी काम करती थी।
सोनिया अख्तर का आरोप है कि सौरभकांत ने अपनी पहली शादी को छुपाते हुए उससे निकाह किया। इसकी फोटो उसके पास उपलब्ध है। सोनिया अख्तर ने अपनी शादी के सबूत नोएडा पुलिस को दिखाएं हैं। इसके बाद पुलिस ने सौरभकांत से पूछताछ की। अभी तक की जांच में पता चला है कि सौरभकांत की पहली बीवी के बेटे की उम्र 20 साल है और सौरभ कांत की दूसरी बीवी यानी कि सोनिया अख्तर के बेटे की उम्र केवल एक वर्ष है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button