पूर्वी निगम में सदन की नेता कुमारी रिंकू भाजपा में शामिल
नई दिल्ली। निगम चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पूर्वी निगम में कांग्रेस दल की नेता और दो बार से पार्षद कुमारी रिंकू ने भाजपा का दामन थाम लिया है। शनिवार को कुमारी रिंकू को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया। रिंकू के साथ उनके कई समर्थकों ने कांग्रेस छोड़ दी है। भाजपा शामिल करते हुए आदेश गुप्ता ने कहा कि परिवार में बढ़ोत्तरी इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन कल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्रवादी सोच का संचार देश के हर कोने में हो रहा है। भाजपा कार्यकर्ता आधारित एवं देश को समर्पित पार्टी है। नंदनगरी क्षेत्र के अंदर कुमारी रिंकू की जनता के बीच लोकप्रियता से पार्टी को मजबूती मिलेगी और हमारा दावा है कि निगम में लगातार चौथी बार भी हमारा विजय अभियान जारी रहेगा।
कुमारी रिंकू ने कहा कि देश पहले और पार्टी बाद में वाली सोच के कारण मैं भाजपा में शामिल हो रही हूं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में जिस तरह से देश विकास कर रहा है, वह सराहनीय है। भाजपा की सेवा ही संगठन वाली भावना से मैं काफी समय से प्रभावित थी। मैं विश्वास दिलाती हूं कि मुझे जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसे ईमानदारी के साथ निभाऊंगी और नंदनगरी की जनता के बीच अपने कामों को पहुंचाने की मेरी पूरी कोशिश जारी रहेगी।
कुमारी रिंकू के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में दिनेश पंचाल, विनोद कुमार, कपिल अग्रवाल, मनीष गोयल, अरुण कुमार, नरेश कुमार विजयवर्गी, विक्रांत वडेरा, गुरुबाग सिंह बग्गा, खुशीराम एवं सुनील कुमार आदि शामिल रहे। ये सभी कांग्रेस के कार्यकर्ता थे। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल, प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा एवं दिनेश प्रताप सिं, भाजपा की वरिष्ठ नेता आरती मेहरा, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल, नवीन शाहदरा के जिलाध्यक्ष मास्टर बिनोद आदि उपस्थित रहे।