पप्पू यादव को फिर मिली लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी, अब पाकिस्तान से आया कॉल
Pappu Yadav again got threat from Lawrence Bishnoi gang, now call came from Pakistan

- पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को फिर मिली जान से मारने की धमकी
- धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का आदमी बताया
- फोन करने वाले ने कहा कि गोल्डी बरार ने उसे फोन करने को कहा था
पटना/एजेंसी। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई का आदमी बताया है और कहा है कि वो पाकिस्तान से बोल रहा है। उसने कहा कि गोल्डी बरार ने उसे धमकी देने के लिए कहा है। बता दें, पप्पू यादव इन दिनों झारखंड चुनाव में हेमंत सोरेन के लिए प्रचार कर रहे हैं। इस दौरान उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। ताजा धमकी एक ऑडियो कॉल के जरिए मिली है। 3 मिनट 57 सेकंड के इसऑडियो में धमकी देने वाला बार-बार कह रहा है कि वो पाकिस्तान से बोल रहा है। वो कह रहा है कि पहले भी नेपाल से फोन करके समझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन पप्पू यादव नहीं माने। अब उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
24 दिसंबर को पप्पू यादव का जन्मदिन है। कॉल करने वाले ने धमकी दी गई है कि पप्पू यादव को जन्मदिन से पहले ही उन्हें मार दिया जाएगा। धमकी देने वाला कह रहा है कि गोल्डी भाई ने उसे फोन करने के लिए कहा है। उसने रविवार को भी फोन किया था, लेकिन पप्पू यादव ने फोन नहीं उठाया।
पप्पू यादव ने कहा कि अपराधी बार-बार उनके परिवार का जिक्र कर रहा है। उन्होंने अपराधी को चेतावनी देते हुए कहा कि वो जितनी रेकी करनी है कर ले, लेकिन उनके परिवार को बीच में न लाए। उन्होंने कहा, टउनकी लड़ाई मेरे विचारधारा से है, सरकार के सिस्टम से है तो वह हमें मरवाए। लेकिन, जब परिवार की चर्चा होगी तो उसके रास्ते अलग होंगे।’ पप्पू यादव ने कहा कि धमकी भरा ऑडियो उन्होंने सरकार को भेज दिया है।
एक हफ्ते पहले भी पप्पू यादव को कूरियर से एक धमकी भरा पत्र मिला था। इसमें कहा गया था कि 15 दिनों के अंदर उनके दिल्ली स्थित कार्यालय अर्जुन भवन को उड़ा दिया जाएगा। इससे पहले भी उन्हें कई बार धमकी भरे कॉल और मैसेज आ चुके हैं। कुछ समय पहले पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी देने वाले एक शख्स महेश पांडे को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। हालांकि, पुलिस ने कहा था कि महेश पांडे का लॉरेंस बिश्नोई से कोई संबंध नहीं है। ताजा धमकी के बाद पूर्णिया पुलिस के लिए एक बार फिर चुनौती खड़ी हो गई है।




