ग्वालियर एसपी ऑफिस में चाकू लेकर पहुंची रेप पीड़िता, आरोपी की जमानत रद्द करवाने की कर रही थी मांग
ग्वालियर स्थित एसपी ऑफिस में एक रेप पीड़िता चाकू लेकर पहुंची। उसकी मांग थी कि आरोपी की जमानत रद्द की जाए। पुलिसकर्मियों ने समझाइश देकर युवती को वापस भेजा है।

ग्वालियर/मध्य प्रदेश। ग्वालियर में सोमवार को एक दुष्कर्म पीड़िता एसपी ऑफिस पहुंची। उसके हाथों में चाकू था। इस युवती ने खुद की जान लेने की कोशिश की। लेकिन गनीमती रही कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवती के हाथ से चाकू छुड़ा लिया और फिर युवती की पूरी बात सुनी।
यह पूरा घटनाक्रम सोमवार की दोपहर को घटित हुआ। एक युवती अपने हाथों में चाकू लेकर ग्वालियर एसपी ऑफिस पहुंच गई थी। उसके हाथों में चाकू देखकर सभी लोग हैरान रह गए। युवती रोने चिल्लाने लगी और चाकू से खुद की जान लेने की बात कहने लगी। यह देखकर पुलिस वालों ने युवती को चारों ओर से घेर लिया और उसको बातों में उलझा कर उसका चाकू पकड़ लिया। पुलिसकर्मियों ने पूरी ताकत के साथ युवती के हाथों से चाकू छुड़ाया।
युवती ने बताया कि साल 2024 में शादी करने के लिए एक लड़का देखा था। लेकिन वह लड़का मुझे पसंद नहीं आया। लेकिन उस लड़के के साथ कुलभूषण राहुल नाम का लड़का भी आया था। कुलभूषण राहुल ने मुझे कुछ दिनों बाद फोन लगाया और फिर उससे मेरी फोन पर बातचीत होने लगी। इसके बाद कुलभूषण राहुल ने मुझे शादी का झांसा देकर मेरे साथ किराए के कमरे में दुष्कर्म किया। हम लोग अलग-अलग स्थान पर मिलने लगे।
कुलभूषण राहुल ने कई बार मेरे साथ दुष्कर्म किया। लेकिन मुझे कुछ समय पहले मालूम चला कि उसने किसी और लड़की से सगाई कर ली है। यह जानकारी मिलने पर मैंने अप्रैल में झांसी रोड थाने में कुलभूषण राहुल के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था और जेल भेज दिया था। लेकिन पिछले दिनों राहुल जमानत पर रिहा हो गया। अब उसने मेरे साथ मारपीट की है मुझे जान से मारने की कोशिश भी की।
युवती ने कहा कि मैं चाहती हूं कि कुलभूषण राहुल की जमानत को निरस्त किया जाए। इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती अभी भी कुलभूषण राहुल के साथ रहना चाहती है लेकिन उसे समझाइश दे दी गई है और आगे जो भी उचित करवाई है वह की जाएगी।




