1.20 करोड़ की हेरोइन सप्लाई करने आए तीन तस्कर गिरफ्तार

गाजियाबाद ब्यूरो। बरेली से टीएचए के चार जगहों पर 1.20 करोड़ रुपये की हेरोइन सप्लाई करने आए अंतरराज्यीय गिरोह के तीन तस्करों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्कर तैयब खां, शहजाद खान निवासी चौकी नंबर-दो पीरबोढ्ढा थाना इज्जतनगर और सैफ निवासी भमोरा बरेली हैं। पुलिस ने तस्करों से एक्सयूवी कार और 750 ग्राम हेरोइन बरामद की है। गिरोह का सरगना मौके से फरार हो गया।
क्राइम ब्रांच प्रभारी अब्दुर रहमान सिद्दीकी ने बताया कि गिरोह का सरगना मोहम्मद आतिफ है। तीनों तस्करों को हिंडन वायुसेना स्टेशन चौराहे के पास से पकड़ा गया है। पूछताछ में तीनों ने बताया कि उन्हें हेरोइन साहिबाबाद, विजयनगर, कौशांबी और इंदिरापुरम में सप्लाई करनी थी। मोहम्मद आतिफ का भाई सैफ हेरोइन सप्लाई करने के लिए सदस्यों को दिन, समय, जगह और गाड़ी मुहैया कराता था। अगले कुछ दिनों में इन तीनों को हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, दिल्ली और अन्य राज्यों में हेरोइन सप्लाई करनी थी। पूछताछ में यह भी पता चला कि सरगना खुद गाजियाबाद में हेरोइन की तस्करी करने आया था लेकिन क्राइम ब्रांच टीम को देखकर वह गाड़ी मोड़कर दूसरे सदस्य मोहम्मद सौबी के साथ फरार हो गया। गिरोह के तार नेपाल से भी जुड़े हैं। सरगना मोहम्मद आतिफ कई बार बॉर्डर पर जाता है और वहां गिरोह से जुड़े लोगों से मुलाकात कर वापस आता है। फिलहाल पुलिस पता कर रही है कि इंदिरापुरम, कौशांबी, साहिबाबाद और विजयनगर में कौन-कौन एजेंट हैं, जो गिरोह के साथ मिलकर क्षेत्र में हेरोइन की बिक्री करते हैं। अब्दुर रहमान सिद्दीकी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी. के निर्देश पर पुलिस टीम इनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।




