यू-ट्यूब देखकर बन गया तांत्रिक, महिला को ऐसे जाल में फंसाया की 36 लाख दे दिए
He became a Tantrik after watching YouTube, trapped the woman in such a trap that she gave him 36 lakhs

दुर्ग/छत्तीसगढ़। दुर्ग जिले के भिलाई में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक युवक यू-ट्यूब के वीडियो देखकर तांत्रिक बन गया। उसके बाद उसने एक महिला की कुंडली में ग्रह और दोष बताकर पूजा-पाठ किया। पूजा पाठ के बाद उसने महिला से करीब 36 लाख 66 हजार रुपए ठग लिए। उसके फ्लैट को अपने नाम करने की बात कही। नहीं देने पर कहा कि, तंत्र विद्या से तुम्हें मार देंगे।
खुद को ठगे जाने और धमकी से डरकर महिला ने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि आरोपी हरियाणा का रहने वाला है। उसका नाम कुलदीप उर्फ कालू है।
जुनवानी भिलाई स्थित शिखर अपार्टमेंट निवासी पल्लवी जायसवाल रहती हैं। वह साल 2022 से काफी परेशान थी। उसकी मुलाकात कालीबाड़ी मंदिर नेहरू नगर के पुजारी परिचय मिश्रा से हुई। उसने अपनी जन्मकुंडली दिखाई और कहा कि, उसका सेहत ठीक नहीं रहती है। रोजगार भी खराब चल रहा है। परिचय मिश्रा ने कुंडली देखने के बाद उसमें काफी दोष होना बताया। इसके बाद परिचय मिश्रा ने कुलदीप महाराज को भिलाई बुलवाकर महिला से मिलाया।
कुलदीप मिश्रा ने महिला से कहा कि, उसकी कुंडली में ग्रहों की स्थिति ठीक नहीं है। उसकी जान को भी खतरा है। तांत्रिक महिला के फ्लैट की बाधा देखने पहुंचा। उनसे कहा कि, वो जल्द पूजा सामग्री और दक्षिणा की व्यवस्था करे। तुरंत ग्रह शांति पूजा करनी होगी।
पल्लवी ने कुलदीप महाराज के खाते में 17000 रुपए जमा किया। महिला काफी डर गई थी। इसका फायदा पंडित ने उठाया। वो बार-बार उसकी जान को खतरा होने की धमकी देता। 18 जनवरी 2023 से लेकर 8 अप्रैल 2025 के बीच उससे 36 लाख 66 हजार रुपए ऐंठ लिए। जब पंडित ने महिला से 36.66 लाख रुपए लेने के बाद शिखर अपार्टमेंट जुनवानी स्थित उसके फ्लैट को अपने नाम पर करने को कहा। महिला ने ऐसा करने से मना किया, पंडित ने कहा कि, वो यह नहीं करेगी तो वो तंत्र विद्या से उसकी जान ले लेगा। इससे पल्लवी काफी डर गई। उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।




