उज्ज्वला योजना के एलपीजी सिलिंडरों में की गई कटौती
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत सब्सिडी वाले एलपीजी सिलिंडरों की संख्या नौ से घटाकर चार करने के सरकार के फैसले पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने स्पष्टीकरण दिया है।

नई दिल्ली/एजेंसी। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत सालाना सब्सिडी वाले एलपीजी सिलिंडर की संख्या नौ से घटाकर चार करने के सरकार के फैसले की आलोचना के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को कहा कि यह कदम कुछ लाभार्थियों द्वारा योजना के गलत इस्तेमाल की वजह से उठाया गया।
पुरी ने बताया कि यह फैसला इस सबूत के आधार पर लिया गया कि कई लाभार्थियों को अतिरिक्त सिलिंडर की जरूरत नहीं थी और कुछ सिलिंडर कमर्शियल कामों के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘आज सुबह से ही इस बात पर चर्चा हो रही है कि हमने उज्ज्वला सिलिंडर की संख्या घटा दी है, लेकिन अगर आपको चार से अधिक सिलेंडर की जरूरत नहीं है, तो आपको और सिलेंडर क्यों चाहिए होंगे।’
पुरी ने बताया, ‘हमने ऐसा इसलिए किया, क्योंकि हमें भरोसेमंद जानकारी मिली थी कि कई उज्ज्वला लाभार्थियों को असल में सिलिंडर की जरूरत नहीं थी। वे 300 रुपये में सिलेंडर लेते थे और या तो उसे कमर्शियल इस्तेमाल के लिए बेच देते थे, या कहीं और इस्तेमाल करते थे, या फिर 300 रुपये अधिक लेकर किसी और को दे देते थे।’




