ओमान के पास जहाज पर हमला: 3 भारतीय लापता, 21 को बचाया गया
ओमान तट के पास कमर्शियल जहाज 'सेटोबेलो' पर हुए हमले में 24 भारतीय क्रू मेंबर्स में से 21 को बचा लिया गया है, जबकि 3 लापता हैं। विदेश मंत्रालय स्थिति पर नजर रख रहा है और बचाव अभियान में ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।

मस्कट/एजेंसी। ओमान के तट के पास एक कमर्शियल जहाज ‘सेटोबेलो’ पर हुए हमले में 24 भारतीय क्रू मेंबर्स में से अब तक 21 को बचा लिया गया है और 3 भारतीय लापता बताए जा रहे हैं।विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “हम ओमान के तट पर कमर्शिय जहाज ‘सेटोबेलो’ पर हुए हमले की निंदा करते हैं। जहाज पर मौजूद 24 भारतीय क्रू मेंबर्स में से अब तक 21 को बचा लिया गया है और 3 भारतीय लापता बताए जा रहे हैं।”
एमईए ने कहा कि ओमान में हमारा दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और चल रहे खोज और बचाव अभियान में ओमान के अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से तालमेल बिठा रहा है। ओमान तट के पास भारतीय क्रू वाले जहाज पर हमले के बाद भारत ने दिल्ली में अमेरिका के शीर्ष राजनयिक को डिमार्श जारी किया।
घटना के बारे में बात करते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस इलाके में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बहुत चिंताजनक है और ये इलाके में चल रहे संघर्ष का सीधा नतीजा है। हम तवान को तुरंत कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए चल रही बातचीत को पूरा करने की मांग को दोहराते हैं ताकि इलाके में शांति और स्थिरता लौट सके।
इलाके में कमर्शियल जहाजों और आम बुनियादी ढ़ांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के मुताबिक इलाके के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से जहाजों की आवाजाही और व्यापार को बिना रुकावट के जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।




