सरकारी कर्मचारियों की अवैध संपत्तियों को बुलडोजर से ढहाया जाएगा : राजस्थान मंत्री

जयपुर/एजेंसी। राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने रविवार को ‘‘भ्रष्ट’’ सरकारी कर्मचारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ‘‘आरोपी कर्मचारियों’’ की अवैध संपत्तियों को बुलडोजर से ढहा दिया जाएगा।
दिलावर ने कहा कि अवैध संपत्ति अर्जित करने के आरोपी सरकारी कर्मचारियों को निलंबित और बर्खास्त किया जाएगा। यहां एक आधिकारिक बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे अपराधों (भ्रष्टाचार) के दोषियों की अवैध संपत्तियों को भी बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया जाएगा।’’
मंत्री ने कहा कि बैठक में उपस्थित अधिकारियों को उन सरकारी कर्मचारियों की पहचान करने का निर्देश दिया गया है जिनके खिलाफ भ्रष्टाचार और कदाचार के मामले दर्ज हैं, लेकिन पर्याप्त सबूतों के अभाव में अब तक कार्रवाई से बच गए हैं।
उन्होंने कहा कि अवैध संपत्तियों को ढहाने में उन्हें ‘‘अगर नियमों के उल्लंघन के लिए फांसी भी हो जाए’’ तो कोई परवाह नहीं होगी। शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र रामगंज मंडी में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने सरकारी अधिकारियों द्वारा अवैध रूप से जमा की गई संपत्तियों को लेकर इसी तरह की चेतावनी दी थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button