छत्तीसगढ़ में चुनाव से पहले प्रेशर बम की चपेट में आए बीएसएफ जवान और मतदान दल के दो सदस्य

कांकेर/छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को पहले चरण का मतदान होना है। सोमवार को कांकेर जिले में बड़ी घटना हुई। नक्सल प्रभावित कांकेर नक्सलियों द्वारा लगाए प्रेशर बम की चपेट में आने से सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान और मतदान दल के दो सदस्य घायल हो गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के छोटेबेटियां थाना क्षेत्र में प्रेशर बम की चपेट में आने से बीएसएफ के जवान चंद्रप्रकाश सेवल और मतदान दल के दो सदस्य घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को छोटेबेटियां थाना क्षेत्र में बीएसएफ और जिला बल का संयुक्त दल चार मतदान दल को लेकर मरबेड़ा शिविर से रेंगाघाटी रेंगागोंदी मतदान केंद्र पर जा रहा था। जब दल रेंगागोंदी गांव के करीब पहुंचा तब प्रेशर बम की चपेट में आने से बीएसएफ के आरक्षक सेवल और मतदान दल के दो सदस्य घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद घायल जवान और मतदान दल के सदस्यों को वहां से निकाला गया। घायलों का इलाज छोटेबेटियां में किया जा रहा है और उनकी स्थिति सामान्य है। मतदान दल और सुरक्षाबल के अन्य सदस्य रेंगागोंदी मतदान केंद्र पहुंच गए है। अधिकारियों के मुताबिक नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षाबलों के साथ मतदान दलों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में हो रहे विधानसभा चुनाव में सात और 17 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा। सात नवंबर मंगलवार को राज्य के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र के 12 विधानसभा क्षेत्रों समेत 20 विधानसभा क्षेत्र में मतदान होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button