फतेहपुर में यूपी-112 के बेड़े में शामिल हुईं 6 नई स्कॉर्पियो,एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने दिखाई हरी झंडी
फतेहपुर में यूपी-112 को छह नई स्कार्पियो गाड़ियां मिली हैं, जिन्हें एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। अपराध नियंत्रण के साथ कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से लखनऊ हेड मुख्यालय से यूपी-112 को छह स्कार्पियो गाड़ियां मुहैया कराई गई हैं। शुक्रवार सुबह एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने रिजर्व पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर आपातकालीन सेवा के लिए रवाना करते हुए कहा कि वाहनों के संचालन से कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और आम जनमानस को त्वरित पुलिस सहायता मिलेगी। इससे आपात स्थितियों में रिस्पांस टाइम को और कम किया जा सकेगा।
रिजर्व पुलिस लाइन से चार पहिया गाड़ियों की जागरुकता रैली राधानगर, जयरामनगर आदि भ्रमण करते हुए आपातकालीन सेवा को थानों में भेज दी गई। यूपी 112 के प्रभारी इंस्पेक्टर रामकेवल पटेल ने बताया कि लखनऊ मुख्यालय से मिली स्कॉर्पियो को सदर कोतवाली, मलवां, हुसेनगंज, खागा, जाफरगंज व चांदपुर थाने भेजा गया है।
इन थाना क्षेत्रों से छुटपुट घटनाओं की ज्यादा शिकायतें आती थीं इसलिए इन क्षेत्रों में गाड़ियां भेजी गई हैं ताकि पुलिस टीम, सहायता के लिए तुरंत पहुंच सके। प्रतिसार निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि अफसर व कर्मचारियों को इन चार पहिया वाहनों के बेहतर रखरखाव एवं प्रभावी उपयोग के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये हैं।




