2047 तक देश और प्रदेश में भाजपा की रहेगी सरकार : डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कौशांबी में किया दावा

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कौशांबी में दावा किया कि भाजपा 2047 तक देश और प्रदेश में सत्ता में रहेगी, साथ ही 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में 300 से अधिक सीटें जीतेगी। उन्होंने सपा पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाया।

कौशांबी/उत्तर प्रदेश। जिले के एक दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को आए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मां शीतला देवी अतिथि गृह में मीडिया से बातचीत में भारतीय जनता पार्टी के भविष्य और प्रदेश की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। दावा किया कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के साथ देश एवं प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी रहेगी।
उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृ सम्मान का भी प्रतीक है। 10 जून को प्रधानमंत्री देश के सबसे लंबे कार्यकाल तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में एक नया इतिहास रचने जा रहे हैं। जनता का विश्वास आज भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर कायम है और यही विश्वास भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
पश्चिम बंगाल में मिली चुनावी सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की जनता ने भाजपा को ऐतिहासिक समर्थन दिया है, जिसके लिए वह प्रदेश की जनता का धन्यवाद करते हैं। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा देश में आर्थिक संकट को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया में उन्होंने कहा कि देश की जनता का भरोसा प्रधानमंत्री की नीतियों और नेतृत्व पर है।
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भी उपमुख्यमंत्री ने बड़ा दावा किया। कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा कौशांबी की तीनों सीटें समेत प्रदेश में 300 से अधिक सीटें जीतकर पुनः सरकार बनाएगी। यह भी कहा कि कौशांबी जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी।
कौशांबी के विकास कार्यों पर कहा कि जिले का विकास भाजपा सरकार की प्राथमिकता में है। हालांकि, उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि सपा के सांसद व विधायकों की संकुचित विचारधारा की राजनीति के कारण विकास कार्यों की गति प्रभावित हुई है। लेकिन भाजपा सरकार जिले के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता पर लेते जनहित से जुड़ी समस्याओं का निदान करते हुए आने वाले समय में जल्द ही विकास की नई परियोजनाओं को लागू कर लोगों को राहत दी जाएगी।
उप मुख्यमंत्री का पार्टी पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने सयारा स्थित हेलीपैड पर गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से कुशलता पूछी। साथ ही लोगों की समस्याओं को सुनते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को अविलंब गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने मां शीतला अतिथि गृह सभागार में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर पार्टी की नितियों एवं केंद्र व प्रदेश सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए कहा। साथ ही जनपद की तीनों सीटों पर पार्टी को विजय दिलाने के लिए जुट जाने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button