हिसार में चोर को कुएं में उल्टा लटकाकर दी यातना, वीडियो वायरल होते ही पुलिस का एक्शन; कई पर ससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज

हांसी के सोरखी गांव में चोरी के शक में एक युवक को अमानवीय यातनाएं दी गईं, जिसमें उसे कुएं में उल्टा लटकाया गया।

हिसार/हरियाणा। हांसी के सोरखी गांव में युवक को चोरी के शक में अमानवीय यातना देने का मामला अब कानूनी शिकंजे तक पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में युवक को हाथ-पांव बांधकर कुएं में उल्टा लटकाए जाने के दृश्य सामने आने के बाद पुलिस ने पांच लोगों को नामजद करते हुए अन्य आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पीड़ित बारूराम, जो अनुसूचित जाति से संबंध रखता है, ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि एक जून को वह भाटोल की ओर जा रहा था। रास्ते में रुकने के दौरान कुछ युवकों ने उसे चोर बताकर पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और हाथ-पांव बांधकर कुएं में उल्टा लटका दिया गया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया था।
मामले का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पीड़ित को तलाश कर मेडिकल करवाया और बयान दर्ज किए। जांच के आधार पर थाना बास में दीपक, पवन, जोगा, पवन, सरेन्द्र निवासी सोरखी तथा अन्य के खिलाफ धारा 109(1), 126(2), 351(3), 3(5) बीएनएस और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की गहन जांच की जा रही है और उसमें दिखाई देने वाले अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर और धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। वहीं ग्रामीणों का दावा है कि क्षेत्र में लगातार मोटर चोरी की घटनाएं हो रही थीं और युवक को संदेह के आधार पर पकड़ा गया था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button