अमृत सरोवरों के निर्माण में यूपी ने देश में हासिल किया पहला स्थान, प्रदेश भर में बने 19000 से ज्यादा सरोवर
उत्तर प्रदेश अमृत सरोवरों के निर्माण में देश में पहले स्थान पर है, जहां 19,900 से अधिक सरोवर पूरे हो चुके हैं।

लखनऊ/एजेंसी। देश में अमृत सरोवरों के निर्माण में पहले चरण में उत्तर प्रदेश सबसे अव्वल रहा है। प्रदेश में अब तक 19,900 से अधिक अमृत सरोवरों का निर्माण पूरा हो चुका है, जो देश के अन्य राज्यों के मुकाबले सर्वाधिक है।
दूसरे नंबर पर मध्य प्रदेश में 5838 और तीसरे नंबर पर कर्नाटक में 4054 अमृत सरोवर बने हैं। वहीं योजना के दूसरे चरण में सरोवरों का निर्माण चल रहा है।
ग्राम्य विकास विभाग के अनुसार अप्रैल 2022 से शुरू हुए मिशन अमृत सरोवर के तहत प्रदेश में तेजी से काम हुआ है। राज्य के अंदर हरदोई 1202 अमृत सरोवरों का निर्माण पूरा कर पहले स्थान पर है। इसके बाद आजमगढ़ में 797 और गोरखपुर में 734 अमृत सरोवर बनाए गए हैं।
अब चल रहे दूसरे चरण के तहत प्रदेश में 2549 अमृत सरोवर बनाने के लिए स्थल चिह्नित किए गए हैं। दूसरे चरण में ओडिशा द्वारा 7347 व मध्य प्रदेश द्वारा 1314 अमृत सरोवर बनाने के लिए स्थल चिह्नित किए गए हैं। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।


