पूर्व राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह को धमकी देने के आरोप में फतेहपुर में मुकदमा दर्ज
भाजपा के पूर्व राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी भइया को फेसबुक पर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपित धरमवीर सिंह के खिलाफ फतेहपुर में मानहानि का मुकदमा दर्ज किया गया है।

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। भाजपा के पूर्व राज्यमंत्री एवं हुसेनगंज क्षेत्र के पूर्व विधायक रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी भइया को फेसबुक के माध्यम से कथित तौर पर जान से मारने और गोली मारने की धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि फेसबुक खाते से न केवल धमकी दी गई, बल्कि पूर्व राज्यमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा और आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं। धमकी देने वाले के बारे में 50 लाख रुपये नकद, एक फार्चूनर वाहन और दस बीघा खेत इनाम में देने की बात भी कही गई थी।
हथगाम कस्बे के वार्ड नंबर नौ, तेहीपारा निवासी गणेशीलाल साहू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह भाजपा हथगाम मंडल के अध्यक्ष हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फेसबुक पर ‘धरमवीर सिंह’ नाम के खाते से रणवेंद्र प्रताप सिंह को खुलेआम जान से मारने और गोली से उड़ाने की धमकी दी जा रही है। साथ ही अभद्र भाषा और आपत्तिजनक टिप्पणियों के जरिए उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
तहरीर में कहा गया है कि इस तरह की धमकियों से पूर्व राज्यमंत्री की जान को खतरा बना हुआ है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने फेसबुक खाते के आरोपित धरमवीर सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि भाजपा मंडल अध्यक्ष की तहरीर के आधार पर फेसबुक खाते से धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




