कोखराज थाने की जर्जर इमारत की छत गिरी, एसपी ने किया निरीक्षण
समाधान दिवस में एसपी ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, जमीनी विवादों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ
कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। कोखराज थाना परिसर में वर्ष 1931 में बनी पुरानी और जर्जर इमारत की छत शुक्रवार रात अचानक भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि हादसे के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। शनिवार को समाधान दिवस के दौरान पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण प्रजापत ने मौके पर पहुंचकर जर्जर भवन का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अधिकांश शिकायतें जमीन से जुड़े विवादों को लेकर रहीं। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 15 लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। हालांकि, मौके पर लेखपालों के उपस्थित नहीं होने के कारण जमीन से संबंधित कई मामलों का निस्तारण नहीं हो सका। इससे दूर-दराज से अपनी फरियाद लेकर पहुंचे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। एसपी ने अन्य शिकायतों की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
थानाध्यक्ष संतोष शर्मा ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि थाना परिसर में स्थित पुरानी इमारत का निर्माण वर्ष 1931 में हुआ था। शुक्रवार रात अचानक जर्जर भवन की छत गिर गई। हादसे में किसी को चोट नहीं आई। उन्होंने बताया कि भवन के आसपास कुछ पुलिसकर्मियों के वाहन भी खड़े थे, लेकिन वे भी सुरक्षित बच गए।
पुलिस अधीक्षक ने जर्जर भवन का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को सुरक्षा के लिहाज से तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने और जर्जर भवनों को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि भविष्य में दुर्घटना की आशंका को टाला जा सके।
उपजिलाधिकारी प्रमेश श्रीवास्तव ने बताया कि थाना परिसर में मौजूद सभी जर्जर भवनों की लोक निर्माण विभाग से जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए जर्जर भवनों का ध्वस्तीकरण कराया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
मौके पर उपजिलाधिकारी प्रमेश श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी सिराथू सतेंद्र तिवारी, कोखराज थानाध्यक्ष संतोष शर्मा, कानूनगो लव प्रसाद द्विवेदी, धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




