हिमाचल रोडवेज के ड्राइवर ने बस रोक बारिश में भीग रहे भूखे पिल्लों को खिलाई रोटी

किन्नौर/हिमाचल प्रदेश। हिमाचल प्रदेश में एचआरटीसी के एक बस ड्राइवर ने इंसानियत की मिसाल पेश की है। दरअसल एचआरटीसी बस के ड्राइवर हरीश ने बीच रास्ते में बस रोककर बारिश में भीग रहे भूखे पिल्लों को खाना खिलाया है। इस वीडियो को एचआरटीसी रिकांगपियो ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर शेयर किया है। इस वीडियो को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। लोग एचआरटीसी बस ड्राइवर हरीश की तारीफ कर रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि हरीश पिल्लो को देखकर बस को सड़क किनारे लगा देते हैं।
बस को रोकने के बाद वो नीचे उतरकर अपने टिफिन से रोटियां निकालते हैं। इस दौरान सड़क किनारे उनका इंतजार कर रहे पिल्लों का एक झुंड उन्हें देखते ही उत्साहित हो जाता है। हरीश बड़े प्यार और स्नेह से उन्हें खाना खिलाते है। फिर बिना किसी दिखावे के अपनी यात्रा आगे बढ़ा देते हैं। बता दें की हरीरीश रेकांग पियो डिपो में कार्यरत हैं और अक्सर रेकांग पियो से पूह रूट पर बस चलाते हैं। बताया जाता है कि वह जब भी इस मार्ग से गुजरते हैं, तो रास्ते में मिलने वाले आवारा जानवरों को खाना जरूर खिलाते हैं। उनके इस नियमित व्यवहार ने उन्हें स्थानीय लोगों के बीच खास पहचान दिलाई है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। लोग हरीश की दयालुता और संवेदनशीलता की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि आज के दौर में इस तरह की निस्वार्थ सेवा बहुत कम देखने को मिलती है। एक यूजर ने अपने अनुभव को साझा करते हुए लिखा कि हिमाचल के बस ड्राइवर और कंडक्टर वाकई अलग ही सोच रखते हैं। उन्होंने बताया कि एक बार यात्रा के दौरान ड्राइवर ने एक महिला को बस में बैठाने के लिए करीब 30 मिनट तक इंतजार किया था। इस तरह के अनुभव दर्शाते हैं कि यहां के लोग अपने काम को केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इंसानियत से जोड़कर देखते हैं।




