रानीबा इंडस्ट्रीज की मालकिन विभूति पटेल ने वेतन मांगने पर दलित युवक को मुंह में जूता डाल कर पीटा

मोरबी/गुजरात। मोरबी जिले में एक दलित युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। दलित युवक की पिटाई का आरोप सोशल मीडिया पर चर्चा में रहने वाली इंटरप्रिन्योर विभूति पटेल उर्फ रानीबा (राणीबा) पर लगा है। दलित युवक का आरोप है कि वह रानीबा इंडस्ट्रीज में अपनी कुछ बचे वेतन को लेने गया था तो उसे बेहरमी से पीटा गया। आरोप है कि युवक के मुंह में जूता डाल कर 12 लोगों ने उसे पट्‌टे से पीटा। घटना सामने आने के बाद रानी बा इंडस्ट्रीज की चेयरमैन और संस्थापक विभूति पटेल फरार हो गई हैं। मोरबी पुलिस ने युवक की शिकायत पर विभूति पटेल समेत छह लोगों के खिलाफ ए डिवीजन थाने में मामला दर्ज किया है। विभूति पटेल की इंस्टग्राम पर मौजूद फोटो में उन्होंने खुद को रानीबा के तौर पर पेश किया है।
15 दिन का बाकी था वेतन
मोरबी ए डिवीजन पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के अनुसार घटना के पीड़ित की पहचान नीलेश किशोरभाई दलसानिया के रूप में हुई है। वह 2 अक्टूबर तक रानीबा इंडस्ट्रीज के निर्यात विभाग में कार्यरत था। किसी कारण से 18 अक्टूबर को काम पर आने से इनकार कर दिया। इसके बाद कोई दिक्कत नहीं हुई, लेकिन कंपनी से उसका वेतन नहीं आया तो उसने पहले अपनी सैलरी लेने के लिए फोन किया। जहां कार्यालय में आकर ले जाने को कहा गया। तब पीड़ित अपने पड़ोसी के साथ कंपनी पहुंचा। आरोप है कि वहां उसे बाल पकड़कर पीटा गया। उसके मुंह में जूता डाला गया। वहां पर मौजूद लोगों ने साथी को पीटकर भगा दिया। आरोप है कमर में बांधी जाने वाली बेल्ट से पिटाई की गई। शिकायत में विभूति पर भी पीटने का आरोप लगा है।
अस्पताल में भर्ती पीड़ित युवक
पुलिस ने युवक को इलाज के लिए मोरबी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नीलेश ने मोरबी ए डिवीजन पुलिस में विभूति पटेल उर्फ रानीबा समेत छह लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। अब पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अत्याचार सहित आईपीसी की धारा 323, 504, 506 आदि के तहत अपराध दर्ज किया है। विभूति पटेल मामला दर्ज होने के बार फरार बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर मौजूद वीडियो में विभूति पटेल लेडी डॉन के तौर खुद को प्रस्तुत करती रही हैं। इस घटना को लेकर अभी तक रानीबा इंडस्ट्रीज की ओर से कोई भी प्रतिक्रिया समाने नहीं आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button