सीजेपी प्रदर्शन के बीच जंतर-मंतर बना पिकनिक स्पॉट, देश-विदेश से आ रहा खाना

नई दिल्ली। राजधानी के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी ) के विरोध-प्रदर्शन के बीच भोजन व्यवस्था को लेकर एक अलग ही तस्वीर सामने आई है। प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में ऑनलाइन फूड डिलीवरी पहुंचने से यह मुद्दा चर्चा का केंद्र बन गया है।
जानकारी के अनुसार, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं के लिए देश के विभिन्न शहरों से भोजन के ऑर्डर भेजे जा रहे हैं। दिल्ली के अलावा मुंबई, हैदराबाद और पंजाब सहित कई स्थानों से लोगों द्वारा प्रदर्शनकारियों के लिए खाना मंगाया जा रहा है। डिलीवरी एजेंटों को किसी विशेष व्यक्ति के बजाय प्रदर्शन स्थल पर मौजूद लोगों तक भोजन पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
मंगलवार और गुरुवार को जंतर-मंतर के आसपास का इलाका दिनभर फूड डिलीवरी वाहनों की आवाजाही से व्यस्त रहा। स्विगी, जोमैटो सहित अन्य फूड डिलीवरी कंपनियों के डिलीवरी पार्टनर लगातार प्रदर्शन स्थल पर पहुंचते दिखाई दिए। कनॉट प्लेस क्षेत्र के कई रेस्तरां से भी बड़ी संख्या में खाने के ऑर्डर जंतर-मंतर के लिए भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
एक डिलीवरी पार्टनर के मुताबिक, उसने दिनभर में कई ऑर्डर जंतर-मंतर पर पहुंचाए, जबकि अन्य एजेंट भी लगातार वहां आ-जा रहे थे। प्रदर्शन स्थल पर पिज्जा, बर्गर, समोसे, थाली और अन्य खाद्य सामग्री के पैकेट वितरित किए जाते देखे गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ सामाजिक संगठनों और समर्थकों की ओर से भी भोजन की व्यवस्था की जा रही है। बड़े आंदोलनों के दौरान देशभर से इस तरह का सहयोग मिलना सामान्य माना जाता है। इसी क्रम में जंतर-मंतर पर भी भोजन पहुंचने का सिलसिला जारी है।
उल्लेखनीय है कि सीजेपी का यह प्रदर्शन पहले से ही विभिन्न कारणों से चर्चा में है। बड़ी संख्या में छात्र और युवा अपनी मांगों को लेकर यहां जुटे हुए हैं। बारिश, पुलिस की कार्रवाई और राजनीतिक प्रतिक्रियाओं के बाद अब भोजन व्यवस्था और ऑनलाइन डिलीवरी भी इस आंदोलन का प्रमुख हिस्सा बन गई है।
हालांकि प्रदर्शनकारियों का कहना है कि भोजन की व्यवस्था आंदोलन का सामान्य पहलू है और समर्थक अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग कर रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों ने इस प्रकार की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल भी उठाए हैं। फिलहाल जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button