अमरोहा में 3 बहनों ने कैमरामैन संग रचाई शादी, मंदिर में लिए 7 फेरे, विरोध में उतरे हिंदू संगठन

तीन सगी बहनों ने एक ही युवक के साथ मंदिर में सात फेरे लिए हैं। उनका कहना है कि राजा दशरथ ने भी तो तीन रानियों से शादी की थी।

अमरोहा/उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में तीन सगी बहनों द्वारा एक ही युवक से मंदिर में विवाह करने का दावा किए जाने का मामला सामने आया है। विवाह से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह घटना चर्चा का विषय बन गई है। कुछ हिंदू संगठनों ने इस पर आपत्ति जताई है, जबकि पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है।
जानकारी के अनुसार, हसनपुर क्षेत्र के धौरिया गांव की रहने वाली सरोज, सावित्री और संतोष सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और स्थानीय स्तर पर इंफ्लूएंसर के रूप में पहचान रखती हैं। सरोज बीटेक द्वितीय वर्ष की छात्रा बताई जा रही हैं, जबकि सावित्री और संतोष ने इंटरमीडिएट तक शिक्षा प्राप्त की है।
श्यामपुरी गांव निवासी विकास उर्फ विक्कू पिछले करीब छह महीने से तीनों बहनों के साथ कैमरामैन के रूप में काम कर रहा था। इस दौरान वह उनके वीडियो कंटेंट में भी शामिल रहता था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान चारों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने साथ रहने का निर्णय लिया।
बताया जाता है कि 17 जुलाई को तीनों बहनों और विकास ने चामुंडा माता मंदिर में वैदिक रीति-रिवाज से विवाह किया। इस विवाह में दोनों पक्षों के परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से फैल गया।
तीनों बहनों का कहना है कि वे बचपन से साथ रही हैं और विवाह के बाद अलग-अलग नहीं रहना चाहती थीं। परिवार द्वारा अलग-अलग स्थानों पर रिश्ते तय करने की कोशिश के बाद उन्होंने एक साथ एक ही युवक से विवाह करने का निर्णय लिया। विकास ने भी कहा कि उसने तीनों की इच्छा का सम्मान करते हुए यह फैसला लिया।
मामले के सामने आने के बाद कुछ हिंदू संगठनों ने इस तरह के विवाह को धार्मिक परंपराओं के विपरीत बताते हुए विरोध जताया। इस पर तीनों बहनों ने एक वीडियो जारी कर कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से विवाह किया है और वे सभी बालिग हैं। उन्होंने अपने निर्णय का समर्थन करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य जीवनभर साथ रहना है।
वहीं, हसनपुर कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह वास्तविक विवाह है या सोशल मीडिया के लिए बनाया गया वीडियो। उन्होंने कहा कि न तो किसी ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है और न ही संबंधित पक्ष ने पुलिस से संपर्क किया है। यदि कोई शिकायत प्राप्त होती है तो मामले की जांच की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button