जालौन में पूर्व प्रधान के साथ मारपीट, जूतों की माला पहनाकर अपमानित करने का आरोप
जालौन में पूर्व प्रधान के साथ मारपीट की गई। उसे जूतों की माला पहनाने के बाद उसका वीडियो भी बन लिया गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जालौन/उत्तर प्रदेश। जिले में एक पूर्व प्रधान के साथ मारपीट, लूटपाट और सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने 10 नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित वीरसिंह के अनुसार, 19 जुलाई की शाम वह एक परिचित महिला के घर शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने तीन-चार चारपहिया वाहनों और कई मोटरसाइकिलों से उनका रास्ता रोक लिया और उन्हें जबरन नीचे गिराकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
पीड़ित ने बताया कि हमलावरों में चंद्रपाल, श्याम सिंह, बबलू राणा, श्रीकांत उर्फ सल्लू सहित अन्य लोग शामिल थे। मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन, सोने की चेन, अंगूठी और नकदी भी छीन ली।
वीरसिंह का आरोप है कि इसके बाद उन्हें जबरन कालपी क्षेत्र स्थित एक फार्महाउस ले जाया गया, जहां दोबारा मारपीट की गई। उन्होंने बताया कि उनके चेहरे पर चप्पलों से प्रहार किया गया, गले में जूतों की माला पहनाकर अपमानित किया गया और घटना का वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी गई। बताया जा रहा है कि इस घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में चंद्रपाल सिंह रूरा, कृष्णपाल सिंह उर्फ बल्लू राणा, श्रीकांत, शशिकांत, अनुज सिंह, सुरजीत वरनाले, वीर सिंह, राजेश सिंह, विश्वनाथ सिंह गपोचे, राजेश सिंह समेत 10 लोगों को नामजद किया है, जबकि चार अन्य को अज्ञात आरोपी बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला 5 जुलाई को हुई “जुगनू महापंचायत” की रंजिश का परिणाम है और उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं।
पीड़ित ने प्रशासन से सुरक्षा, निष्पक्ष जांच और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और साक्ष्यों व गवाहों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




