सुंदर नगरी इलाके में वर्षा के पानी में डूबने से युवक की मौत, परिजनों ने पीडब्ल्यूडी व निगम को ठहराया जिम्मेदार

पूर्वी दिल्ली के सुंदर नगरी में घर में भरे वर्षा के पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। परिवार ने पीडब्ल्यूडी और नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजा मांगा है।

राजीव कुमार गौड़/दिल्लीस्टेट हेड

उत्तर पूर्वी दिल्ली। उत्तर पूर्वी दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके में बृहस्पतिवार को घर में भरे वर्षा के पानी में डूबने से धीरज नामक युवक की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने इस हादसे के लिए पीडब्ल्यूडी और नगर निगम को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि नालों की समुचित सफाई न होने के कारण क्षेत्र में जलभराव की समस्या बनी रहती है, जिससे बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस जाता है। परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि समय पर नालों की सफाई की गई होती तो यह हादसा टाला जा सकता था।
शुक्रवार को नंद नगरी थाना पुलिस ने जीटीबी अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में भारी आक्रोश है। जिस मकान में धीरज रहता था, वह गली के स्तर से लगभग तीन फुट नीचे स्थित है। बृहस्पतिवार को हुई मूसलधार बारिश के चलते पहले गली में पानी भरा और फिर धीरे-धीरे घर के अंदर घुस गया। घर से पानी निकालने के दौरान धीरज का पैर फिसल गया, जिससे वह गिरकर घायल हो गया और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। हादसे के समय वह घर में अकेला था। शुक्रवार को परिजनों ने घर में भरे पानी को बाहर निकाला।
इस घटना के विरोध में सीमापुरी के विधायक वीर सिंह धिंगान ने दो पार्षदों और स्थानीय लोगों के साथ नंद नगरी स्थित डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डीएम अजय कुमार को ज्ञापन सौंपा। विधायक ने आरोप लगाया कि सरकारी विभागों की लापरवाही के कारण यह दुखद घटना हुई है। उन्होंने कहा कि कई बार संबंधित अधिकारियों को नालों की सफाई के लिए अवगत कराया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। सीजन की पहली ही बारिश ने सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी।
विधायक ने दिल्ली सरकार से मांग की है कि मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। इस दौरान पार्षद रमेश बिसैया, पार्षद मोहिनी जीनवाल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. आरिफ, वसीम अब्बासी, राकेश चौहान, दर्शन लाल, एमएन शर्मा शेखर उर्फ राजा सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button