कानपुर में फीता काटने पहुंचे थे रेसलर द ग्रेट खली, ठगी के मामले में बयान दर्ज करने यूपी पुलिस भी पहुंची
कानपुर में एक कार्यक्रम के दौरान मशहूर रेसलर द ग्रेट खली फीता काटने पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस भी ठगी के मामले में उनसे पूछताछ करने के लिए पहुंच गई।

कानपुर/उत्तर प्रदेश। यूपी के कानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां रेसलर द ग्रेट खली उर्फ दिलीप सिंह राणा एक निजी कार्यक्रम में मुख्य अथिति के रूप में पहुंचे थे। उन्हें एक प्रतिष्ठान में फीता काटना था। लेकिन पुलिस को उनके आने की भनक लग गई। पुलिस की एक टीम डेढ़ हजार करोड़ के ठगी के मामले में पूछताछ करने के लिए वहां पहुंचे गई।
पुलिस की इस कार्यशैली से रेसलर खली ने असहज महसूस किया। कुछ देर की बातचीत के बाद खली ने ई-मेल के जरिए जवाब देने का वादा किया। इंडिया, यूएई समेत दस देशों में एक हजार से अधिक लोगों से डेढ़ करोड़ की ठगी करने वाला रविंद्रनाथ सोनी कानपुर जेल में बंद है। रविंद्रनाथ की कंपनी के प्रमोशन में कई अभिनेता और रेसलर खली भी आए थे।
पुलिस ने सभी को ई मेल के जरिए नोटिस भेज कर बयान दर्ज कराने के लिए कहा था। एक निजी कार्यक्रम में जब खली शहर पहुंचे तो कोतवाली पुलिस भी वहां पहुंचे गई। लेकिन खली ने बाद में बयान देने की बात कही। कोतवाली प्रभारी जगदीश पांडेय के मुताबिक खली से उनके बयान लेने के बारे में पूछा था। इस पर उन्होंने बताया कि ई मेल पर उन्हें नोटिस मिला था। अभी उनके पास कोई दस्तावेज भी नहीं है।
खली ने कहा कि इस समय बयान नहीं दे सकते हैं। वापस लौटकर ई मेल के जरिए बयान देंगे। रेसलर द ग्रेट खली ने यूपी सरकार की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ की सरकार में गुंडाराज पूरी तरह से खत्म हो चुका है। कानून व्यवस्था दुरुस्त है और जो जैसा कर रहा है उसे उसी की जुबान में जवाब भी दिया जा रहा है।




