तीन महीने से लापता 16 वर्षीय अनुज की तलाश में प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर धरने पर बैठे परिजन
प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर तीन महीने से लापता अनुज के परिजन धरने पर बैठे हुए हैं। परिजनों का कहना है कि जब तक अनुज का पता नहीं चलेगा, वह धरने पर बैठे रहेंगे।

मथुरा,उत्तर प्रदेश। हाथरस जिले के सादाबाद क्षेत्र के बरामई खेड़ा गांव निवासी 16 वर्षीय अनुज चौधरी के तीन महीने से लापता होने के मामले में शुक्रवार को उसके परिजन वृंदावन स्थित केली कुंज आश्रम के बाहर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने अनुज को जल्द तलाश कर सकुशल वापस लाने की मांग की। आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज के रहने की बात कही गई है।
अनुज के पिता राजवीर सिंह के अनुसार, उनका बेटा इंटरमीडिएट का छात्र है और चार बहनों का इकलौता भाई है। वह वृंदावन के समीप पानी गांव स्थित अपने ननिहाल आता-जाता था। इसी दौरान वह केली कुंज आश्रम गया था, जहां उसने संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी। परिजनों के मुताबिक, दीक्षा लेने के करीब पांच दिन बाद अनुज कंठी-माला और तीन किताबें लेकर महाराज के दर्शन करने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा।
परिजनों का कहना है कि पिछले करीब तीन महीने से अनुज से उनका कोई संपर्क नहीं हुआ है। उसकी तलाश में पिता, मां, दादी, चार बहनें, चाचा और गांव के अन्य लोग शुक्रवार को आश्रम पहुंचे और बाहर धरने पर बैठ गए। अनुज की दादी ने आरोप लगाया कि जब वह आश्रम में पूछताछ के लिए गईं तो उन्हें धक्के देकर बाहर निकाल दिया गया। उनका यह भी आरोप है कि आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच नहीं कराई गई।
मामले की सूचना मिलने पर वृंदावन क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह और कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। पुलिस टीम ने आश्रम के अंदर जाकर अनुज की दीक्षा से संबंधित रिकॉर्ड की जानकारी ली। पुलिस के साथ बाहर आए आश्रम के एक साधक ने बताया कि अनुज की तस्वीर आश्रम के सेवादारों के समूह में भेजकर उसकी तलाश की गई थी। साधक के अनुसार, गुरु पूर्णिमा के दौरान भी अनुज को तलाशने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
आश्रम प्रबंधन ने परिजनों की मदद करने की बात कही है। हालांकि, परिजन इससे संतुष्ट नहीं हैं और अनुज के मिलने तक आश्रम के बाहर धरना जारी रखने की बात कह रहे हैं। वृंदावन क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह के अनुसार, अनुज के लापता होने के संबंध में सादाबाद में पहले से मुकदमा दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अनुज की तलाश के लिए उपलब्ध तथ्यों एवं सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।




