रेलवे नौकरी के नाम पर ठगी का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार; लाखों रुपये की धोखाधड़ी उजागर

नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना पुलिस ने रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर चल रहे एक बड़े ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एमटीएस और क्लर्क पदों पर स्थायी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी की थी।
पुलिस के अनुसार, 30 मई 2026 को थाना पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन में एक शिकायत प्राप्त हुई, जिसमें आरोप लगाया गया कि कुछ लोग रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी कर रहे हैं। इस संबंध में एफआईआर संख्या 35/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम का गठन किया गया। योजना के तहत शिकायतकर्ता को आरोपियों से संपर्क करने के लिए कहा गया। तय योजना के अनुसार, जब मुख्य आरोपी ईशा शेष रकम लेने के लिए चांदनी चौक स्थित गेट नंबर-3 पर पहुंची, तो पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
ईशा की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी रंजीत को आईएसबीटी कश्मीरी गेट से गिरफ्तार किया। इसके बाद तीसरे आरोपी आलम को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-16 से दबोचा गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी लंबे समय से बेरोजगार युवाओं को रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी कर रहे थे। आरोपियों ने शिकायतकर्ता से करीब 3.60 लाख रुपये वसूले थे, जिन्हें बाद में आलम को ट्रांसफर कर दिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आलम का संपर्क अतुल कदम और ए.के. खान नामक व्यक्तियों से था, जो खुद को बड़ौदा हाउस और रेल भवन से जुड़ा बताकर लोगों का विश्वास जीतते थे। आरोपियों ने शिकायतकर्ता के बेटे का मेडिकल परीक्षण तक करवाया, जिससे उनकी बातों पर भरोसा बढ़ सके।
गिरोह द्वारा फर्जी कॉल लेटर और अन्य दस्तावेज तैयार कर स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजे जाते थे, ताकि पीड़ितों से और अधिक रकम वसूली जा सके। पुलिस ने सभी आरोपियों से पूछताछ कर ली है और आगे की जांच जारी है।
प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इस गिरोह ने कई अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है। साथ ही, मामले में रेलवे विभाग के कुछ कर्मचारियों की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button