गीता कॉलोनी में दर्दनाक हादसा, फ्लाईओवर से 25 फीट नीचे गिरे मामा-भांजे, एक की मौत
Tragic accident in Geeta Colony, uncle and nephew fell 25 feet down from the flyover, one died

दिल्ली ब्यूरो। गीता कॉलोनी इलाके में मोटरसाइकिल रेलिंग से टकराने के बाद मामा-भांजे फ्लाईओवर से नीचे गिर गए। 25 फीट नीचे गिरने से मामा मौत हो गई, जबकि भांजे की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक सोनू (30) भागीरथी विहार में रहते थे। उनके भांजे का नाम भी सोनू (27) है, जोकि मदनपुर खादर जेजे कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस को मोटरसाइकिल और एक हेलमेट फ्लाईओवर के लूप के ऊपर मिला। गीता कॉलोनी थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और लापरवाही से किसी की मौत के आरोप में प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
शाहदरा जिला डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया कि हादसे के समय दोनों शराब के नशे में धुत थे। इनकी मोटरसाइकिल को किसी ने पीछे से टक्कर मारी या यह खुद फ्लाईओवर के लूप से टकरा कर नीचे गिरे। इसकी जांच की जा रही है।
डीसीपी ने बताया कि मृतक सोनू के परिवार में पिता करण सिंह व अन्य सदस्य हैं। वह प्राइवेट नौकरी करता था। जबकि घायल भांजा सोनू नोएडा की एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी में नौकरी करता है। रविवार को छुट्टी होने की वजह से भांजा अपने अपने मामा के पास भागीरथी विहार आया था।
पुलिस के मुताबिक, दोनों ने शराब पी। बाद में मामा अपने भांजे को उसके घर छोड़ने के लिए मोटरसाइकिल पर मदनपुर खादर जाने के लिए निकल पड़े। गीता कॉलोनी के पास दोनों फ्लाईओवर पर चढ़े और लूप से होते हुए राजघाट की ओर जाने लगे। इस बीच उनकी मोटरसाइकिल फ्लाईओवर की रेलिंग से टकरा गई। दोनों 25 फीट ऊंचे फ्लाईओवर से नीचे गिर गए, जबकि उनकी मोटरसाइकिल ऊपर ही रह गई।
किसी राहगीर ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। लोगों ने ही दोनों को डा. हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मौके पर पहुंची ता मालूम हुआ कि घायलों को अस्पताल ले गए हैं। पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली कि हादसे में मामा की मृत्यु हो गई है, जबकि भांजा बेहोश है और उसकी हाल गंभीर बनी हुई है। देर शाम सूचना पर स्वजन घायल को दूसरे अस्पताल ले गए। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



