गाजियाबाद हत्याकांड: ‘गले मिल पहले दी बकरीद की बधाई, फिर मुस्लिम दोस्तों ने सूर्या चौहान को घोंपा चाकू’
गाजियाबाद के खोड़ा में 11वीं के छात्र सूर्या की हत्या के बाद तनाव बना हुआ है, जहां परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की है।

खोड़ा/गाजियाबाद। गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में 11वीं के छात्र सूर्या की हत्या के दूसरे दिन शनिवार को भारी तनाव का माहौल बना रहा। क्षेत्र में एहतियातन बाजार बंद रहे और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर और उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग करते हुए कड़ा विरोध जताया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खोड़ा क्षेत्र में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। वहीं, हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी के खोड़ा पहुंचने की सूचना पर पुलिस ने उन्हें घर में ही नजरबंद कर दिया। पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी असद अभी फरार बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि घटना की शुरुआत बाइक को लेकर हुए विवाद से हुई थी। आरोप है कि असद ने नई बाइक खरीदी थी, जिसे चलाने के लिए सूर्या ने मांगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और मामला हिंसक हो गया। घटना के चश्मदीद आयुष के अनुसार, सूर्या ने पहले असद को गले लगाकर ईद की बधाई दी थी, लेकिन इसके तुरंत बाद असद ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। बताया गया कि असद सूर्या को बकरा हलाल होते दिखाने के लिए अपने साथ ले जाना चाहता था, लेकिन सूर्या ने इनकार कर दिया। इसी बात पर कहासुनी बढ़ी और वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना के दौरान सूर्या को पहले पेट में चाकू मारा गया। इसके बाद वह घायल अवस्था में करीब 200 मीटर तक जान बचाने के लिए भागा, लेकिन आरोपियों ने पीछा कर उसे गिरा दिया और चाकू निकालकर कई बार वार किए। गंभीर रूप से घायल सूर्या को परिजनों ने पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शुक्रवार दोपहर उसकी मौत हो गई।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव घर पहुंचा, परिजनों का आक्रोश बढ़ गया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए अंतिम संस्कार से पहले न्याय की मांग रखी। घर के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही। मृतक के भाई यश चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका परिवार मूल रूप से एटा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में खोड़ा में रहता है। सूर्या 11वीं कक्षा का छात्र था और परिवार का सहारा था।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को सूर्या अपने दोस्तों के साथ घूम रहा था, तभी असद ने उसे फोन कर मिलने के लिए बुलाया। बाद में केले के गोदाम के पास दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद असद ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पहले जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसे सूर्या की मौत के बाद हत्या की धारा में परिवर्तित कर दिया गया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सूर्या और असद के बीच पहले भी विवाद हुआ था, जो कुछ माह पहले सुलझ गया था। क्षेत्र में मिश्रित आबादी होने के कारण घटना के बाद गली नंबर एक और दो में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए लगातार गश्त बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




