देवघर में बदमाशों ने एसबीआई एटीएम का काटा शटर, फिल्मी अंदाज में पूरी मशीन उखाड़कर ले गए

देवघर में चोरों ने फिल्मी अंदाज में बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर पूरा एटीएम उखाड़कर पहले उसे 500 मीटर तक घसीटा और फिर कार में लादकर फरार हो गए।

देवघर, झारखंड। देवघर जिले में बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एसबीआई के एटीएम को निशाना बनाते हुए पूरी मशीन ही उखाड़कर ले गए। घटना नंदन पहाड़ स्थित एटीएम की है, जहां सोमवार देर रात कपड़े से चेहरा ढके कुछ बदमाश पहुंचे और शटर काटकर एटीएम मशीन लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार तड़के करीब 3:30 से 4 बजे के बीच की है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है। एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि पूजा से पहले हुई यह घटना गंभीर चिंता का विषय है। मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसडीपीओ ने बताया कि घटना के बाद देवघर शहर से बाहर जाने वाले मार्गों और सभी प्रमुख सीमावर्ती इलाकों में जांच तेज कर दी गई है। संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है और किसी भी वाहन को बिना जांच के आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
बताया गया कि एटीएम की सुरक्षा में तैनात गार्ड की ड्यूटी रात 10 बजे तक थी। ड्यूटी समाप्त होने के बाद उसने एटीएम काउंटर का शटर बंद किया और वहां से चला गया था। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर वह भी मौके पर पहुंचा।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वारदात के समय एटीएम में कितनी नकदी मौजूद थी। पुलिस के अनुसार, वास्तविक राशि की जानकारी बैंक अधिकारियों या एटीएम में नकदी डालने वाली एजेंसी से मिलेगी। एटीएम मशीन को अपने साथ ले जाने के कारण बदमाशों के इरादे और घटना में शामिल लोगों की पहचान को लेकर पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button