वीवीआईपी ड्यूटी के दौरान ट्रैफिक पुलिस की तत्परता, सड़क हादसे में घायल महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाया
वीवीआईपी ड्यूटी के दौरान घायल महिला को ट्रैफिक निरीक्षक बिनय सिंह ने तुरंत आर्मी आरआर अस्पताल पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से महिला को जरूरी चिकित्सा सहायता मिल सकी।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
नई दिल्ली। वीवीआईपी ड्यूटी के दौरान तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तत्परता से सड़क हादसे में घायल एक महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला सड़क पर गिरकर बेहोश हो गई थी। कल्याणपुरी ट्रैफिक सर्किल के इंस्पेक्टर बिनय सिंह ने बिना समय गंवाए सरकारी वाहन से महिला को आर्मी आरआर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम से धौला कुआं की ओर आ रही कार संख्या आरजे-14 सीएम-7632 की एक महिला से टक्कर हो गई। हादसे में करीब 40 वर्षीय परमिला सड़क पर गिरकर बेहोश हो गईं। बताया गया कि वह अपनी कैंसर पीड़ित मां को देखने आरआर अस्पताल जा रही थीं, जहां उनकी मां भर्ती हैं।
घटना के समय पूर्वी रेंज में कल्याणपुरी ट्रैफिक सर्किल के इंस्पेक्टर बिनय सिंह अपनी टीम के साथ निर्धारित मार्ग पर ड्यूटी में तैनात थे। हादसे की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल घायल महिला को सरकारी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में महिला को आपातकालीन विभाग में भर्ती कर चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया।
समय पर अस्पताल पहुंचने से महिला को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकी। पुलिसकर्मियों की इस तत्परता और मानवीय संवेदना की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है। घटना ने यह भी रेखांकित किया कि यातायात व्यवस्था संभालने के साथ आपात स्थिति में घायल लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।




