फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट स्मित मच्छार की बहादुरी को अमेरिकी संसद ने किया सलाम

यूएस हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स ने भारतीय पायलट स्मित मच्छार के सम्मान में एक प्रस्ताव पारित किया है। उन्होंने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट 1073 पर हुए आतंकवादी हमले को नाकाम कर दिया था। इसमें कैप्टन स्मित मच्छार के जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई और सऊदी अरब, यूएई से घटना की विस्तृत जांच की मांग की गई है।

वॉशिंगटन,एजेंसी। अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स ने फ्लाईदुबई की उड़ान संख्या 1073 के भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी और सूझबूझ की सराहना करते हुए उनके सम्मान में प्रस्ताव पारित किया है। प्रस्ताव में विमान में हुए कथित आतंकी हमले के प्रयास की निंदा करते हुए कैप्टन मच्छार, चालक दल और यात्रियों के साहस को भी सम्मानित किया गया है। यह प्रस्ताव सांसद जोश गॉटहाइमर ने पेश किया।
प्रस्ताव के अनुसार 30 सितंबर 2026 को फ्लाईदुबई की उड़ान 1073 दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से तेल अवीव के बेन गुरियन हवाई अड्डे के लिए रवाना हुई थी। विमान में करीब 174 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश इजरायली नागरिक बताए गए हैं। इनमें चार अमेरिकी नागरिक और 27 बच्चे भी शामिल थे।
प्रस्ताव में कहा गया है कि उड़ान के दौरान प्रथम अधिकारी ने कथित तौर पर आपातकालीन कुल्हाड़ी से कैप्टन पर हमला किया और विमान के नियंत्रण पर कब्जा करने का प्रयास किया। इस घटना के दौरान विमान ने 30 सेकंड से भी कम समय में 14 हजार फीट से अधिक ऊंचाई खो दी।
अमेरिकी संसद के प्रस्ताव के मुताबिक कैप्टन स्मित मच्छार ने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद हमले का सामना किया और अपनी बची हुई ताकत से कॉकपिट का दरवाजा खोला। इसके बाद ड्यूटी से बाहर मौजूद पायलट को कॉकपिट में प्रवेश करने का अवसर मिला। चालक दल और यात्रियों ने भी स्थिति को नियंत्रित करने में सहयोग किया, जिसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया।
प्रस्ताव में 3 अक्टूबर 2026 को संयुक्त अरब अमीरात के अटॉर्नी जनरल की ओर से की गई घोषणा का भी उल्लेख किया गया है। इसके अनुसार अमीराती जांच में प्रथम अधिकारी द्वारा कथित तौर पर आतंकवादी कृत्य का प्रयास किए जाने का निष्कर्ष सामने आया था।
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने प्रस्ताव के माध्यम से कैप्टन मच्छार की असाधारण बहादुरी की सराहना की और विमान में सवार सभी लोगों की रक्षा के उनके प्रयासों को सम्मानित किया। साथ ही ड्यूटी से बाहर मौजूद पायलटों, केबिन क्रू और यात्रियों के साहस की भी प्रशंसा की गई। प्रस्ताव में कैप्टन मच्छार सहित सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।
अमेरिकी सदन ने उड़ान पर हुए हमले के प्रयास की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया। प्रस्ताव में सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के संबंधित अधिकारियों से घटना की पूर्ण और गहन जांच सुनिश्चित करने का आग्रह भी किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button