कानपुर में सरकारी सर्जन ने गोली मारकर की आत्महत्या,पुलिस जांच में जुटी

कानपुर के निराला नगर स्थित ब्लॉसम अपार्टमेंट में सरकारी डॉक्टर संदीप सिंह की मौत हो गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कानपुर,उत्तर प्रदेश। किदवई नगर थाना क्षेत्र के निराला नगर स्थित ब्लॉसम अपार्टमेंट में रविवार देर रात सरकारी चिकित्सक डॉ. संदीप सिंह (47) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डॉ. संदीप सिंह पेशे से सर्जन थे और वर्तमान में कानपुर देहात के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात थे। इससे पहले वह करीब नौ वर्ष तक हैलट अस्पताल में सेवाएं दे चुके थे और कन्नौज में भी उनकी तैनाती रही थी। उन्होंने वर्ष 2006 में देहरादून स्थित जॉली ग्रांट मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस तथा वर्ष 2010 में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से एमएस की डिग्री हासिल की थी।
परिजनों के अनुसार डॉ. संदीप अपनी पत्नी कंचन, चार वर्षीय बेटी और दो माह के बेटे के साथ निराला नगर में रहते थे। परिवार के मुताबिक उनकी पहली शादी वर्ष 2007 में कानपुर की एक चिकित्सक से हुई थी। वर्ष 2018 में दोनों का आपसी सहमति से तलाक हो गया था। इसके बाद उन्होंने कंचन से दूसरी शादी की थी।
संदीप के पिता राज बहादुर के अनुसार दूसरी शादी के बाद दंपती के बीच कभी-कभी घरेलू विवाद होते थे, जिन्हें परिवार समझाकर शांत करा देता था। घटना की जानकारी भी परिजनों को पत्नी के फोन से मिली, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button